राजस्थान विधानसभा उपचुनाव 7 सीटों पर मतदान संपन्न : प्रत्याशियों का भविष्य हुआ ईवीएम में कैद,23 को आयेगा रिजल्ट;3 सीटों पर भाजपा तो 2 पर कांग्रेस को बढ़त,2 पर स्थिति साफ नहीं
डीपी न्यूज नेटवर्क
राजस्थान की सात विधानसभा सीटाें पर बुधवार को औसत 69.29% मतदान हुआ। सीटों में सिर्फ खींवसर में 3% फीसदी बढ़ोतरी छोड़ दें तो 6 सीटों पर 5 से 12% मतदान घटा है। इससे परिणामों में उलटफेर की संभावना बढ़ गई है। हालांकि, स्थिति 23 नवंबर को रिजल्ट के दिन ही स्पष्ट होगी। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार झुंझुनूं में 5%, दाैसा में 12%, देवली उनियारा में 8%, सलूंबर में 5%, चाैरासी में 8% और रामगढ़ में 2% मतदान घटा है। हालांकि, चुनाव आयोग गुरुवार को अपडेट आंकड़े जारी करेगा।
सभी मतदान क्षेत्रों में मतदाताओं से बातचीत, सीटों के वोटिंग प्रतिशत में बदलाव और बूथ की स्थिति के अनुसार 3 सीटों पर भाजपा को बढ़त के संकेत हैं। वहीं, दो सीटों पर कांग्रेस टक्कर में है। खींवसर और चौरासी में रालोपा व बीएपी के गढ़ में भी भाजपा ने कड़ी टक्कर दी है, इसलिए इनकी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
झुंझुनूं-भाजपा काे फायदे के आसार
बूथ काउंटर पर भीड़ देखते हुए त्रिकोणीय मुकाबले का फायदा भाजपा को होता नजर आया। निर्दलीय राजेंद्र गुढ़ा ने कांग्रेस के परंपरागत वोट में सेंध लगाई। जाट वोट कांग्रेस व भाजपा में आधे-आधे बंट गए हैं। इस आधार पर भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र भांबू को बढ़त मिलना संभावित है।
खींवसर- वोटिंग बढ़ी, बदल सकता है गणित
यह हॉट सीट अब कांटे के मुकाबले में फंस गई है। मतदान बढ़ने से भाजपा पर निगाहें टिक गई हैं। हालांकि, हनुमान बेनीवाल टक्कर में दिख रहे हैं। सीट की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
देवली-उनियारा – भाजपा की उम्मीदें बढ़ीं
बागी व अपनों से चुनाैती का असर कांग्रेस के बूथों पर दिखा। थप्पड़ कांड से भी हालांकि, कांग्रेस टक्कर में आ गई हैं।
सलूंबर – भाजपा के बूथ काउंटरों पर रही भीड़
सहानुभूति व कांग्रेस में गुटबाजी से भाजपा को बढ़त की स्थिति बनी रही। कई सेंटर पर कांग्रेस ने काउंटर ही नहीं बनाए।
चौरासी – फिर टोलियों में पहुंचे बीएपी समर्थक
बीएपी समर्थक टोलियों में बूथ पहुंचे। हालांकि, आरएसएस के प्रयास से भाजपा को फायदा, पर स्थिति स्पष्ट नहीं।
रामगढ़- इस बार बराबरी की टक्कर
भाजपा ने इस बार कांग्रेस को कड़ी टक्कर दी है। इसका फायदा भाजपा को हो सकता है। हालांकि, सांसद संजना जाटव व नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की सक्रियता से एससी वाेट के झुकाव को देखते हुए कांग्रेस टक्कर में है।
दौसा- भाजपा की स्थिति बेहतर हुई
भाजपा के जगमोहन मीणा और कांग्रेस के दीनदयाल बैरवा के बीच ही सीधा मुकाबला हुआ। लोकसभा चुनाव में मिली हार से डॉ. किरोड़ी ने इमोशनल कार्ड खेला। इससे भाजपा बढ़त की स्थिति में आ गई है। हालांकि, इसके बाद भी कांग्रेस के बूथ काउंटर पर मतदाता कम नहीं दिखे।
चुनाव परिणाम इस बार विपक्ष के लिए चौंकाने वाले आएंगे। भाजपा सातों सीटें जीतेगी। भाजपा ने विकास की राजनीति को बढ़ावा दिया और जनता ने भी विकास कार्यों पर मतदान किया है।
-मदन राठौड़, प्रदेशाध्यक्ष, भाजपा
भाजपा ने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर मतदाताओं को भयभीत किया, गड़बड़ी फैलाने का काम किया। फिर भी मतदाताओं ने भाजपा को सातों सीटों पर खारिज कर दिया है।
-टीकाराम जूली, नेता प्रतिपक्ष
