गोगुंदा में लुटेरी गैंग का खौफ: 6 हथियारबंद बदमाशों का घर पर धावा, विरोध करने पर बुजुर्ग को सरिए से पीटा

उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना इलाके में लुटेरी गैंग का खौफ है। बीती रात एक गांव में आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। हालांकि, मकान मालिक की बहादुरी के आगे बदमाशों के मंसूबे फेल हो गए और उन्हें खाली हाथ भागना पड़ा। भागदौड़ के दौरान एक बदमाश का मोबाइल भी मौके पर गिर गया, जो अब पुलिस के लिए अहम सुराग बन गया है। मामला गोगुंदा के डुलावतों का गुड़ा गांव का है।

चोरों ने गांव में पहले एक मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। करीब 20 हजार से 25 हजार की नगदी पार की। वहां से 2 तलवारे चोरी की और वहां से किशन सिंह के घर में घुसे।

छत के रास्ते घर में घुसे जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 1 बजे आधा दर्जन नकाबपोश लुटेरे डुलावतों का गुड़ा गांव पहुंचे। बदमाश दीवार फांदकर और छत के रास्ते किशन सिंह के घर में घुसे। घर में घुसते ही बदमाशों ने कमरों में रखी पेटियों और अलमारी के ताले तोड़ना शुरू कर दिए। अलमारियों की आवाज सुनकर आवाज सुनकर पाकर मकान मालिक किशन सिंह और उनकी पत्नी की नींद खुल गई। दोनों ने जब बदमाशों को टोकने की कोशिश की, तो लुटेरों ने उन पर हमला बोल दिया।

किशन सिंह पर सरिए से वार, लठ लेकर पीछे भागे

बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर किशन सिंह के हाथ पर लोहे के सरिए से तेज वार किया, जिससे वे लहूलुहान हो गए। इसके बावजूद दंपति ने हिम्मत नहीं हारी और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर बदमाश घबरा गए और घर से भागने लगे। हल्के घायल होने के बाद भी किशन सिंह हाथ में लठ लेकर बदमाशों के पीछे दौड़े। इसी आपाधापी में एक लुटेरे का मोबाइल रास्ते में ही गिर गया। शोर सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हो गए, जिसे देख बदमाश जंगल की ओर भाग निकले। वारदात के दौरान किशन सिंह की पत्नी और बेटे समेत पूरा परिवार मौजूद था।

मोबाइल से खुलेगा राज

वारदात के बाद किशन सिंह ग्रामीणों के साथ गोगुंदा थाने पहुंचे और पुलिस को आपबीती सुनाई। थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को मौके से जो मोबाइल मिला है, उसकी डिटेल के आधार पर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी गई है। आरोपियों को पकड़ने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।

गोगुंदा क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से अपराध का ग्राफ बढ़ा है। 2 दिन पहले ही खेजड़िया खेत इलाके में एक वृद्ध दंपति के साथ भी लूट की बड़ी वारदात हुई थी।

1
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!