गुरु पूर्णिमा महोत्सव पर शिक्षक सम्मान समारोह कार्यक्रम संपन्न

ऋषभदेव । विवेकानंद केंद्र विद्यालय ऋषभदेव में गुरु पूर्णिमा महोत्सव के उपलक्ष्य में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन हुआ। गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केबी खटोड़, मुख्य कार्यकारी अधिकारी ,आरएसडब्ल्यूएम ऋषभदेव ,विशिष्ट अतिथि एम.एस. मणिलाल विद्यालय प्रबंध समिति सदस्य एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य डीके गुप्ता ने की।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गुरु के महत्व पर समूह गीत ,नाटक ,कविता एवं भाषण प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित हुआ जिसमें अतिथियों द्वारा शिक्षक को तिलक एवं श्रीफल द्वारा सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि केबी खटोड़ ने बालक के सर्वांगीण विकास में अध्यापक की भूमिका के बारे में बताते हुए छात्रों के अंदर अंतर्निहित गुणों की पहचान करने वाले गुरु को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर वंदन एवं अभिनंदन किया। गुरु बालक में मानवीय जीवन मूल्यों एवं संवेदनशीलता को जागृत करते हुए उसे एक समग्र मानव का स्वरूप धारण करवाता है। स्वामी विवेकानंद एवं रामकृष्ण परमहंस का दृष्टांत देते हुए विद्यार्थियों को शिक्षक के जीवन से सीखने एवं अपने जीवन में अनुकरण करने हेतु आह्वान किया।


विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य एमएस मणिलाल ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को गुरु पूर्णिमा की बधाई देते हुए गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रधानाचार्य डीके गुप्ता ने गुरु पूर्णिमा महोत्सव के पावन पर्व पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए गुरु एवं विद्यार्थियों के समग्र जीवन पर अपने विचार अभिव्यक्त करते हुए उन्होंने बालक के सर्वांगीण विकास में माता-पिता और गुरु की विशेष भूमिका के बारे में बताया। माता-पिता बालक की प्रथम गुरु और तत्पश्चात शिक्षक उसके अंतर्निहित गुणों को पहचान कर तदनुरूप विकसित करने की क्षमता रखता है। गुरु कच्चे घड़े को एक समग्र रूप धारण करवाने में महती भूमिका अदा करता है।
कार्यक्रम का संचालन नेहल जैन ने किया।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!