जयपुर में ट्रिपल मर्डर की वजह 2 औरतों का झगड़ा:मां के चिल्लाने की आवाज सुन बच्चे जागे तो उनका भी गला काट दिया

जयपुर के मालवीय नगर में हुई ट्रिपल मर्डर की वजह का खुलासा हो गया है। हत्यारे की मां और सुमन (मृतका) के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा था। इसी का बदला लेने के लिए हत्यारे शिव प्रताप (25) ने सुमन (23 ) व उसके दो बच्चों जिव्यांश (5), हव्यांश (2) की मांस काटने वाले चाकू से गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस की 10 टीमें हत्यारे को ढूंढ रही हैं।

सीआई पूनम ने कहा, दोनों पक्षों की पुरानी रंजिश है। मृतका और आरोपी की मां के बीच में झगड़े का विवाद था। जिसके कारण उसने वारदात को अंजाम दिया।

मां को मारने आया था, बच्चे जागे तो उनका भी मर्डर

जांच में सामने आया कि आरोपी केवल मृतका की ही हत्या करने आया था। दोनों बच्चे सो रहे थे। जब वो नींद से उठे तो पहचाने जाने के डर से हत्यारे ने चाकू से गला काटकर उनका भी मर्डर कर दिया।

इसके बाद हत्यारा मौके से फरार हो गया। हत्यारे ने मौके पर दो राउंड फायरिंग की थी। आरोपी के भागने का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के पास है, जिसमें वह मुंह पर स्कार्फ बांधे तेजी से भागता नजर आ रहा है।

आश्चर्य की बात यह है कि किसी ने हत्यारे को घर में दाखिल होते हुए नहीं देखा। सीआई पूनम ने बताया कि घटनास्थल पर मिले पिस्टल, दस्ताने, दूसरे सबूतों और परिजनों के बयानों के आधार पर संदिग्ध पड़ोसी की तलाश की जा रही है। आरोपी के परिवार को डिटेन कर लिया है।

मां और दोनों बेटों के शरीर पर नुकीले हथियार से कई वार

हत्यारे ने महिला और उसके दो मासूम बच्चों की गर्दन, गले व सीने पर नुकीली चीज से कई बार हमला किया। तीनों के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के कई घाव मिले हैं।

परिजन जब मौके पर पहुंचे तो पूरे कमरे में खून बिखरा हुआ था। दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सुमन की सांसें चल रही थी।

किसी ने फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी। इस दौरान पड़ोसी मोनू अपनी कार से घायल बहू सुमन और दोनों बच्चों को अस्पताल ले गया। सुमन ने रास्ते में दम तोड़ दिया।

हमले के बाद मौके पर पहुंची मालवीय नगर थाना पुलिस ने लक्ष्मण के घर से पिस्टल जब्त की है। बताया जा रहा है कि आरोपी के भागते समय यह पिस्टल घटनास्थल पर ही गिर गई थी। पुलिस ने कारतूस के दो खोल भी जब्त किए हैं।

घर से मिली पिस्टल, फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

आरोपी पीड़ित परिवार का जानकार है। उसका घर पर आना जाना नहीं है, लेकिन दोनों परिवारों के बीच अच्छी जान पहचान है।

पुलिस इस वारदात में परिवार की भूमिका होने से इनकार कर रही है। इसके साथ ही सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

हालांकि, आरोपी पहली मंजिल पर महिला के कमरे तक कैसे पहुंचा इस सवाल का पुलिस के पास भी कोई जवाब नहीं है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवक कई दिनों से वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। उसने बाजार से मांस काटने वाला चाकू, दस्ताने और कैप खरीदी थी।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!