‘जनता का पैसा किसी को खाने नहीं दिया जाएगा’, जलजीवन मिशन घोटाले में शामिल किसी को बख्शा नहीं जाएगा : टीएडी मंत्री खराड़ी

जनता का पैसा किसी को खाने नहीं दिया जाएगा। जलजीवन मिशन में हुए भ्रष्टाचार और घोटाले में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। यह कहना है प्रदेश के टीएडी एवं प्रभारी मंत्री बाबूलाल खराड़ी का। रविवार को डूंगरपुर जिले के दौरे पर उन्होंने यह बात कही।

मंत्री खराड़ी ने कांग्रेस और बीएपी नेताओं द्वारा उनके बेटे पर लगाए गए आरोपों पर भी सफाई दी। बांसवाड़ा में आदिवासियों की जमीन हड़पने के आरोपों का जवाब देते हुए मंत्री ने स्पष्ट किया कि उनके बेटे द्वारा जमीन की खरीद पूरी तरह से नियमानुसार की गई है और ये आरोप निराधार हैं।

मंत्री खराड़ी ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस के 5 साल के शासन की तुलना भाजपा के मौजूदा कार्यकाल से करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने कम समय में कहीं अधिक बेहतर कार्य किए हैं।

बजट को ‘शानदार और जानदार’ बताया

डूंगरपुर सर्किट हाउस में मंत्री का स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के बजट को ‘शानदार और जानदार’ बताया। मंत्री खराड़ी ने दावा किया कि यह बजट प्रदेश के विकास को नई गति देगा और प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत 2047’ के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

खराड़ी ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज के हर वर्ग को सशक्त करेगा। उन्होंने बताया कि बजट का मुख्य लक्ष्य 2047 तक राजस्थान को एक विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाना है। इस बार बजट का आकार पिछले वर्षों की तुलना में बढ़ाया गया है, जो राज्य की मजबूत अर्थव्यवस्था को दर्शाता है।

बजट को मुख्य रूप से सुशासन, औद्योगिक विकास, डिजिटल प्रगति, पशुपालन, हरित विकास और पर्यावरण संरक्षण जैसे प्रमुख स्तंभों पर केंद्रित किया गया है। खराड़ी ने समाज के वंचित वर्गों के लिए की गई विशेष घोषणाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि शिक्षा से वंचित रहने वाले घुमंतू और अर्ध-घुमंतू वर्ग के बच्चों के लिए ‘चलित शिक्षा’ का प्रावधान किया गया है।

1
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!