मेवाड़ में पहली बार 108 ठाकुरजी संघ तुलसी विवाह आज गुरुवार को, विभिन्न गांवों में राजसी ठाठ बाट से निकली ठाकुर जी की बिंदोलीया
इस आयोजन को लेकर विभिन्न गांवों में ठाकुरजी का किया आकर्षक श्रृंगार, वागा धराया
बांसडा,कन्हैयालाल मेनारिया । मेवाड़ में पहली बार भगवान चारभुजा नाथ की 108 बारात तुलसी संग विवाह करने के लिए आज गुरुवार को भटेवर कस्बे में रेलवे पुलिया के पास स्थित अंतर्राष्ट्रीय प्रभुकृपा आश्रम में जाएगी, जिसको लेकर पूर्व संध्या पर 108 गांव में राजसी ठाट-बाट के साथ ठाकुरजी की बिंदोली निकाली गई। शाही लवाजमे एवं गाजे-बाजे के साथ निकली ठाकुरजी की बिंदोली में श्रद्धा का ज्वार उमड़ पड़ा। भगवान चारभुजा नाथ के मंदिर पर पंडितों द्वारा विशेष मंत्रोचार के साथ हवन पूजन किया गया इसके बाद प्रसाद ग्रहण कर बिंदोलिया शुरू हुई, शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह पर विभिन्न धार्मिक संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा करके स्वागत किया गया। वहीं महिलाओं और पुरुषों के साथ युवक-युवतियों द्वारा मेवाड़ी परिधानों में सज-धज कर भजनों पर नृत्य करने का खूब आनंद लिया। सभी बिन्दोलिया गांव में प्रमुख मार्गो से होती हुई गाजे बाजे एवं डीजे साउंड सिस्टम के साथ देर रात पुनः भगवान चारभुजा नाथ के मंदिर पहुंची, जहां भगवान ठाकुरजी की आरती की गई तत्पश्चात गुरुवार की सुबह बारात की तैयारी की।
इस आयोजन को लेकर इंटाली, तारावट, विजयपुरा में भी भगवान ठाकुरजी को ग्रामवासी बन्दोले दे रहे है, ठाकुरजी का आकर्षक श्रृंगार किया जा रहा है, तथा गांव के मुख्य मार्गों से ठाकुरजी की गाजे बाजे, डीजे साउंड पर बजते मधुर स्वर लहरियो धार्मिक भजनो पर नाचते गाते हुए बिन्दोली निकाली, जिसमें श्रद्धालु खूब थिरके। सभी गांवो मे ठाकुरजी को आकर्षक वागा धराया जा रहा है। खरसान सहित गांवो मे गणपति स्थापना के साथ धार्मिक आयोजन हो रहे है। ठाकुरजी की हल्दी रश्म अदा की गई। चारो ओर खुशी का माहौल है और श्रद्धालु उत्साहित होकर धार्मिक कार्यों में जुटे हुए है।
भटेवर कस्बे में भरा मायरा
भटेवर कस्बे मे चारभुजा नाथ के मंदिर पर ठाकुरजी व तुलसाजी के मायरा भरने की रस्म निभाई गई। इससे पूर्व शंकर लाल जणवा, हरलाल जणवा, गणेश लाल जणवा, जीवन जणवा, पवन जणवा, गोविंद जणवा सहित अन्य श्रद्धालुओं द्वारा ठाकुरजी व तुलसाजी के मायरा भरने के लिए चांदी के आभूषण, मखमली वस्त्र एवं श्रृंगार सामग्री लेकर शोभायात्रा के रूप में नगर भ्रमण करते हुए मंदिर पर पहुंचे। मंदिर पर गांव के वरिष्ठ पंच पटेलों एवं श्रद्धालुओ की मौजूदगी में पुजारी डालू दास वैष्णव द्वारा चारभुजानाथ को आकर्षक श्रृंगार धारण करवाया गया। वहीं पंडित किशन लाल आमेटा के वैदिक मंत्रोचार के बीच श्रद्धालुओं द्वारा ठाकुरजी व तुलसाजी को मायरा पहनाने की रस्म निभाई गई। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर चारभुजानाथ के जयकारों से गूंज उठा ओर माहौल भक्ति मय बन गया।
आज गुरुवार सुबह 11.15 बजे ठाकुरजी माता तुलसी संघ बंधेंगे परिणय सूत्र में
उदयपुर जिले में संभवतया पहली बार प्रभुकृपा आश्रम में 108 तुलसाजी व शालिग्रामजी का विवाह समारोह आयोजित हो रहा है। इस विवाह समारोह को लेकर के दो दिवसीय धार्मिक आयोजन हों रहे हैं। ठाकुरजी के स्वागत के लिए जगह-जगह तोरण द्वार विद्युत एवं फूलों से सजावट की गई है। वही विवाह को लेकर के आश्रम में 108 यज्ञ वेदियां बनाई गई है। इस विवाह महोत्सव मे करीब 20 हजार श्रद्धालु शामिल होंगे। आज गुरुवार प्रातः 8:15 बजे 108 गांवो से पधारे ठाकुरजी, शालिग्रामजी के तोरण की रस्म के साथ बारातियों का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11:15 बजे शुभ मुहूर्त में ठाकुरजी व तुलसाजी के शुभ लग्न एवं महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। इस विशाल धार्मिक आयोजन को लेकर के प्रभुकृपा आश्रम में विवाह मंडप निर्माण, यज्ञ वेदियां निर्माण, बारातियों के ठहरने की व्यवस्था, महाप्रसादी की व्यवस्था एवं पार्किंग सहित विभिन्न प्रकार की व्यवस्थाओं को बुधवार शाम को अंतिम रूप दिया गया।
