यू-विन पोर्टल का दिया प्रशिक्षण, मिशन इंद्रधनुष 5.0 का कवरेज होगा आसान
सराड़ी (हितेश कुमार जोगी)- गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण की एंट्री के लिए यू-विन पोर्टल के प्रशिक्षण संबंधी पीएचसी सराड़ी पर कार्यशाला चिकित्सा प्रभारी अधिकारी डॉ. राजेंद्र जाट की मौजूदगी में हुई। कार्यशाला में प्रशिक्षण हेमराज मीणा व नरेश पटेल ने दिया। जाट ने बताया कि मिशन इंद्रधनुष अभियान 5.0 अगस्त माह से संचालित होगा। अभियान के अंतर्गत जिले में टीकाकरण से वंचित 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जाएगा। बच्चों का हैड काउंट सर्वे करवाकर उन्हें चिह्नित किया जाएगा। इस दौरान एएनएम प्रियंका मीणा, वर्षा पांडे, अहिंसा पटेल, तिलका जैन व आशा वर्कर, सीएचओ ललिता सालवी आदि मौजूद थे। जाट ने बताया कि मिशन इंद्रधनुष का आयोजन तीन चरणों में किया जायेगा। प्रथम चरण 7 अगस्त से 12 अगस्त तक, द्वितीय चरण 11 सितम्बर से 16 सितम्बर और तृतीय चरण 9 अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। बच्चों को नियमित टीकाकरण से पांच साल में बीसीजी, हिपेटाइटिस, डिप्थीरिया, पोलियो जैसे टीके सात बार लगाए जाते है। बच्चों के जन्म के समय, डेढ़ माह पर, ढाई माह पर, साढ़े तीन माह पर, नौ माह पर डेढ़ साल पर व पांच वर्ष पूर्ण होने पर टीके लगाए जाते हैं। इन टीकों से वंचित बच्चों को टीकाकरण करने अभियान का आयोजन किया जा रहा है।
