वो चिल्लाती रही बचाओ, पुलिस को बुलाओ, किसी ने नहीं की मदद, बदमाशों ने सड़क पर मार-मारकर ले ली जान, देखें वीडियो
जयपुर। करधनी क्षेत्र की निर्मल विहार कॉलोनी में बुधवार शाम को बोलेरो कैम्पर व कार में आए बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर पर हमला कर दिया। पहले प्रॉपर्टी डीलर की स्कार्पियो के टक्कर मारी और फिर उसे उतार कर ताबड़तोड़ वार किए। स्थानीय लोगों ने पीड़ित को अस्पताल पहुंचा। जहां इलाज के दौरान प्रॉपर्टी डीलर की मौत हो गई।पुलिस ने बताया कि मृतक विजेंद्र सिंह राठौड़ उर्फ बीजू निर्मल विहार निवासी है। हमलावरों में से परबतसर निवासी जितेन्द्र सिंह, हिस्ट्रीशीटर झोटवाड़ा निवासी सागर सिंह, भगवान सिंह ततारपुर व अजय सिंगोद की पहचान हुई है। अन्य की जानकारी जुटाई जा रही है। दीपावली पर एक होटल में विजेन्द्र और उसके साथियों का जितेन्द्र सिंह से झगड़ा हो गया था। इसी का बदला लेने के लिए बुधवार को जितेन्द्र ने अन्य साथियों के साथ विजेन्द्र पर हमला कर दिया।
राहगीर महिला लगाती रही मदद की गुहार
बीच सड़क पर हुई वारदात के चलते वहां काफी भीड़ हो गई। लोगों ने वारदात का वीडियो भी बनाया। वारदात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सुना जा सकता है एक महिला वहां से गुजर रहे लोगों से उसे बचाने की गुहार लगा रही है। वो पुलिस को बुलाने के लिए भी कह रही है लेकिन किसी ने उस पर ध्यान नहीं दिया। बदमाश प्रॉपर्टी डीलर को बीच सड़क पर पीटते रहे।
