जनजाति गौरव यात्रा का आयोजन
देश की प्रथम आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के निर्वाचन पर अभिनंदन ज्ञापित करने के लिए प्रदेश भाजपा की ओर से जनजाति अंचल वागड़ में जनजाति गौरव यात्रा का आयोजन किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पुनिया की उपस्थिति में कल रविवार को बांसवाड़ा जिले के त्रिपुरा सुंदरी मंदिर से शुरू हुई जनजाति गौरव पदयात्रा 41 किलोमीटर का सफर तय कर आज डूंगरपुर जिले में आदिवासियों की आस्था के प्रमुख स्थल बेणेश्वर धाम पर पहुच कर सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान प्रदेशाध्यक्ष सतीश पुनिया भी कुछ किलोमीटर पैदल चले और कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया वही ढोल नगाड़ों तथा परंपरागत आदिवासी गीतों से बेणेश्वर धाम की फिजा गूंज उठी। यात्रा के बेणेश्वर धाम पहुचने पर आसपुर विधायक गोपीचंद मीणा, प्रदेश महामंत्री सुशील कटारा ओर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभु पंड्या सहित कार्यकर्ताओं ने सतीश पुनिया का स्वागत किया। इसके बाद सतीश पुनिया ने बेणेश्वर धाम पर पवित्र जल संगम स्थल अबुर्दरा घाट पर जल देवता का पूजन किया। साथ धकम के देवालयों में दर्शन कर पूजा अर्चना की। जनजाति गौरव यात्रा के समापन अवसर पर धाम पर जनसभा का भी आयोजन हुआ। सभा को संबोधित करते हुए सतीश पुनिया ने कहा कि आदिवासी महिला द्रोपदी मुर्मू को देश की प्रथम नागरिक बनने का मौका देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश के आदिवासियों का सम्मान किया है।
इनपुट : प्रवीण कुमार कोठारी
