बांसवाड़ा-डूंगरपुर सांसद रोत ने X पर पोस्ट किया भील प्रदेश का नक्शा : भाजपा नेता राठौड़ बोले – यह दुर्भाग्यपूर्ण राजनीतिक स्टंट, जो प्रदेश द्रोह की श्रेणी में

राजस्थान,(डीपी न्यूज) । प्रदेश में लंबे समय से चल रही भील प्रदेश की मांग को लेकर मंगलवार को सांसद राजकुमार रोत ने सोशल मीडिया पर भील प्रदेश का नक्शा पोस्ट कर दिया। इसके बाद से राजनीतिक गलियारों में बहस छिड़ गई है। भाजपा नेता और पूर्व उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने पोस्ट पर जवाब दिया। उन्होंने लिखा कि राजस्थान की आन, बान और शान को तोड़ने की साजिश कभी सफल नहीं होगी। बांसवाड़ा-डूंगरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद राजकुमार रोत द्वारा जारी किया गया तथाकथित भील प्रदेश का नक्शा एक शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण राजनीतिक स्टंट है। यह न केवल गौरवशाली राजस्थान की एकता पर चोट है बल्कि आदिवासी समाज के नाम पर भ्रम फैलाने और सस्ती लोकप्रियता पाने की कोशिश भी है। आज अगर कोई भील प्रदेश की बात करेगा, कल कोई मरू प्रदेश की मांग करेगा तो क्या हम अपने शानदार इतिहास, विरासत और गौरव को ऐसे ही टुकड़ों में बांट देंगे?

सांसद राजकुमार रोत द्वारा जारी नक्शा आदिवासी समाज में जहर बोने की साजिश है जो प्रदेश द्रोह की श्रेणी में आता है और इसे जनमानस कभी स्वीकार नहीं करेगा।

राजकुमार रोत ने इससे पहले पोस्ट किया है कि भील राज्य की माँग को लेकर गोविंद गुरु के नेतृत्व में 1913 में 1500 से अधिक आदिवासी मानगढ़ पर शहीद हुए थे।

आजादी के बाद भील प्रदेश को चार राज्य में बांटकर इस क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय किया। गोविंद गुरु के नेतृत्व में शहीद हुए 1500 से अधिक शहीदों के सम्मान में भील प्रदेश राज्य बनाना है।

भील प्रदेश का यह नक्शा पहली बार सामने नहीं आया। इससे पहले भी मानगढ़ धाम में हुई भील प्रदेश की मांग को लेकर हुई सभा में नक्शा जारी किया गया था, जिसमें राजस्थान के कुछ जिले सहित मध्य प्रदेश गुजरात और महाराष्ट्र के भी कुछ हिस्सों को जोड़कर भील प्रदेश का नक्शा बनाया गया है।

1
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!