आगामी रीट परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी के रूप में परीक्षा देने की तैयारी कर रहा वरिष्ठ अध्यापक गिरफ्तार, कमरे पर दबिश में मिले फर्जी दस्तावेज
साल 2013 में भी नकल व फर्जीवाड़े के मामलों में जेल जा चुका है आरोपी टीचर
बाड़मेर 21 जुलाई। थाना ग्रामीण पुलिस ने 23 व 24 जुलाई को आयोजित होने वाली रीट भर्ती परीक्षा में ओम प्रकाश नाम के युवक के स्थान पर फर्जी परीक्षार्थी बन एग्जाम देने की तैयारी कर रहे गांव अगड़ावा थाना चितलवाना जालोर निवासी आईदान राम जाट पुत्र खैमाराम (28) को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी वर्तमान में जालीपा स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में वरिष्ठ अध्यापक है।
बाड़मेर एसपी ने बताया कि आगामी रीट परीक्षा निष्पक्ष व पारदर्शिता पूर्वक संपन्न कराने हेतु जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के दौरान संकलित की जा रही गोपनीय आसूचना में मुखबिर से सूचना मिली कि आईदानराम जाट रीट परीक्षा में ओमप्रकाश नाम के लड़के के स्थान पर फर्जी परीक्षार्थी के रूप में बैठकर परीक्षा देगा। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह एवं सीओ आनंद सिंह राजपुरोहित के सुपरविजन एवं थानाधिकारी परबत सिंह के नेतृत्व में थाना ग्रामीण से विशेष टीम गठित की गई।
गठित टीम द्वारा वरिष्ठ अध्यापक आईदान राम के सारण नगर स्थित किराए के कमरे पर दबिश देकर तलाशी ली तो कमरे में परीक्षा से संबंधित फर्जी दस्तावेज, आधार कार्ड, ओमप्रकाश विश्नोई का कूट रचित रीट परीक्षा प्रवेश पत्र, खाली स्टाम्प आदि मिले। आरोपी के मोबाइल में भी रीट परीक्षा संबंधित आपत्तिजनक कंटेंट मिले, जिसे जब्त किया गया। इस पर आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया गया अग्रिम अनुसंधान थानाधिकारी महिला थाना राम प्रताप सिंह द्वारा किया जा रहा है।
एसपी ने बताया कि आरोपी टीचर के विरुद्ध साल 2013 में डूंगरपुर जिले के थाना कोतवाली में नकल एवं फर्जीवाड़ा संबंधित दो मुकदमे दर्ज किए गए थे, जिनमें वह जेल जा चुका है। उन्होंने आमजन से अपील भी की है की परीक्षा संबंधी अवांछनीय गतिविधियों की जानकारी होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने परीक्षार्थियों से अपील की है किसी के बहकावे में नहीं आए। पुलिस कार्रवाई होने पर आपका भविष्य खराब हो सकता है। बाड़मेर में प्रत्येक सेंटर पर परीक्षार्थियों के फिंगरप्रिंट में फोटो लिए जाएंगे।
——— –
