पायलट गुट के रघुवीर बने उदयपुर देहात के जिलाध्यक्ष, डोटासरा के करीबी फतह सिंह को शहर की कमान

उदयपुर शहर में कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ को फिर से पार्टी ने रिपीट कर मौका दिया है। उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष पद का जिम्मा दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) के सदस्य रहे रघुवीर सिंह मीणा को दिया है। कांग्रेस ने जिलाध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है।

सलूंबर से विधानसभा चुनाव लड़ चुके और उदयपुर के सांसद रह चुके रघुवीर सिंह मीणा को उदयपुर देहात का अध्यक्ष बनाने की तैयारी की जानकारी पिछले दिनों कार्यकर्ताओं को लग गई थी।

जिसके बाद उनका विरोध शुरू हो गया था। इस दौरान यह तक कहा गया था कि वे सलूंबर में ही राजनीति करें, अब अलग जिला बन गया है। लेकिन इसके बावजूद भी कांग्रेस ने उनको उदयपुर देहात का अध्यक्ष बनाया है ।

रघुवीर सिंह मीणा पूर्व सीएम अशोक गहलोत के खासमखास रह चुके हैं, लेकिन उनके साथ हुई अनबन के बाद उन्होंने अपना पाला बदलकर सचिन पायलट के गुट में चले गए और पायलट के नजदीक हो गए। वे पायलट को अपने घर भी लेकर लाए और शक्ति प्रदर्शन भी किया था।

इधर, उदयपुर शहर में भी जिलाध्यक्ष के लिए कांग्रेस के दावेदारों की संख्या बहुत थी, लेकिन पार्टी ने फतह सिंह राठौड़ को फिर मौका दिया है।

असल में इसके पीछे पार्टी की सोच है कि राठौड़ ने अपने कार्यकाल में अच्छा परफॉर्मेंस किया और पार्टी में गुटबाजी से हटकर सबको साथ लेकर चल रहे थे। राठौड़ के लिए एक प्वाइंट ये भी था कि वे उदयपुर में कांग्रेस कार्यालय बनाने के लिए भी पूरी मेहनत कर रहे हैं।

फतह सिंह राठौड़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नजदीकी हैं। वैसे वे सब नेताओं के साथ में समन्वय लेकर ही चलते हैं। डोटासरा भी राठौड़ के कामकाज से खुश थे। इसके अलावा अन्य दावेदारों में ब्राह्मण चेहरे थे तो पार्टी ने उनमें से किसी का नाम करने पर नाराजगी सामने आती। ऐसे में रिपीट करना ही बेहतर समझा था। इधर, पार्टी ने उदयपुर से टूटकर नया जिला बने सलूंबर में परमानंद मेहता को जिलाध्यक्ष बनाया है।

सरपंच से मंत्री तक का रघुवीर का सफर

रघुवीर मीणा सरपंच से राजनीति में आगे बढ़े और वे प्रदेश कांग्रेस के महासचिव और उपाध्यक्ष रह चुके है। वे सूलंबर से विधायक और उदयपुर से सांसद बने थे। इसके बाद वे आदिवासी चेहरे के रूप में कांग्रेस की सबसे बड़ी कांग्रेस वर्किंग कमेटी के मेंबर भी बने।

इसके अलावा गहलोत सरकार में वे खेल राज्यमंत्री भी रहे। वे गहलोत के खास माने जाते थे लेकिन बाद में उन्होंने पाला बदला और सचिन पायलट के साथ हो गए।

ब्लॉक अध्यक्ष से शहर अध्यक्ष तक पहुंचे फतह सिंह

फतह सिंह राठौड़ उदयपुर शहर के कांग्रेस अध्यक्ष है और इस बार उनको वापस रिपीट किया है। वे लगातार उदयपुर में कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष रहे और इससे पहले एक बार पार्षद भी रहे।

1
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!