9 लोग थे वैन में… गूगल मैप के कारण टूटी पुलिया में गिरी, 3 की मौत, 1 लापता
चित्तौड़गढ़ में एक वैन गूगल मैप के कारण बनास नदी की टूटी पुलिया में बह गई। इसमें एक ही परिवार के 9 लोग थे। नदी के बहाव के कारण वैन 300 मीटर तक बह गई। एक्सीडेंट में एक 4 साल के बच्ची और 2 महिलाओं की मौत हो गई। वहीं, एक महिला अब भी लापता है। हादसा कपासन में राशमी थाना क्षेत्र के सोमी-उपेरड़ा पुलिया पर रात 1 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार परिवार के 5 लोगों ने वैन पर चढ़कर जान बचाई।
सिविल डिफेंस की टीम से कैलाश वैष्णव ने बताया- सुबह 4:30 बजे से सर्च करना शुरू किया था। 3 शव निकाल चुके हैं, लेकिन एक का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने बताया कि पीड़ित परिवार चित्तौड़गढ के भूपालसागर थाने के कानाखेड़ा गांव का रहने वाला है। वे भीलवाड़ा जिले में सवाई भोज मंदिर में दर्शन के लिए गए थे। देर रात मंदिर से लौटते हुए वो रास्ता भटककर सोमी गांव पहुंचे। वहां पहुंचते ही ग्रामीणों ने उन्हें पुलिया की तरफ जाने से रोका था। उन्हें बताया था कि मातृकुंडिया का गेट खुलने के कारण पानी का बहाव ज्यादा है। ड्राइवर ने उनकी बात नहीं सुनी और गूगल मैप के बताए रास्ते पर चलने लगा। लोकेशन उन्हें बनास नदी की 3 साल से बंद पुलिया सोमी-उपरेड़ा पर ले गई। पानी के बहाव के बीच ड्राइवर ने वैन निकालने की कोशिश की, लेकिन वो उसमें बह गई।
पानी के वेग के कारण वैन टूटी हुई पुलिया से 300 मीटर दूर तक बह गई। ड्राइवर मदनलाल कांच तोड़कर गाड़ी की छत पर चढ़ गया। फिर उसने एक-एक कर 5 लोगों को छत पर खींच लिया। इसी बीच गाड़ी बहकर नदी की गहराई वाले हिस्से में चली गई। गाड़ी में 2 महिलाएं और 2 बच्ची थी।
मदनलाल ने फोन कर मदद मांगी, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू शुरू नहीं हो सका। बुधवार सुबह एनडीआरएफ ने 4 साल की बच्ची खुशी पुत्री मदन की बॉडी को बाहर निकाला। वहीं, चंदा (21) पत्नी हेमराज, ममता (25) पत्नी मदन की बॉडी भी बुधवार सुबह 10 बजे नदी से निकाली गई। जबकि, रूत्वी (6) पुत्री हेमराज की तलाशी जारी है।
हादसे के बाद वैन के ऊपर फंसे लोगों को मछुआरे की नाव से बचाया गया। पुलिस के अनुसार रात को बचाए गए लोगों में मदनलाल (25) पुत्र देवीलाल, हितेश (16) पुत्र सोहन, लीला (18) पत्नी देवीलाल, काव्यांश (9 माह) पुत्र मदन, आयांश (9 माह) पुत्र देवीलाल थे।
साइबर एक्सपर्ट के मुताबिक, गूगल मैप पर आंख बंद कर भरोसा करना सही नहीं है। कई बार मैप किन्हीं कारणों से गलत रास्ता दिखा सकता है। जैसे कि
- अगर कोई नई सड़क बनाई गई है, जो गूगल मैप पर अपडेटेड नहीं है तो यह गलत जानकारी दे सकता है।
- भारी बारिश, आंधी या तूफान के चलते रास्ता बंद हो जाता है। ऐसी स्थिति में भी गूगल मैप गलत जानकारी दे सकता है।
- गूगल मैप GPS सिग्नल के जरिए काम करता है। अगर किसी जगह पर नेटवर्क नहीं है तो भी यह गलत जानकारी दे सकता है।
