अच्छी खबर : त्यौहारी सीज़न के 22 दिन में सोना 5600, चांदी 2115 रुपए बढ़ी, अब 14 दिन में 3590 व 9 हजार सस्ती हुई

डीपी न्यूज नेटवर्क । सोना (22 कैरेट/जेवराती) गुरुवार को एक ही दिन में 1470 रुपए टूटकर 69920 प्रति 10 ग्राम और चांदी (999) भी 1450 रुपए गिरकर 89150 रुपए रह गई। बीते डेढ़ माह में सोना-चांदी के यह सबसे न्यूनतम भाव रहे। डेढ़ माह पहले नवरात्र के पहले 3 अक्टूबर से खरीदारी का शुभ मुहूर्त शुरू हुआ था। तभी से इनके भाव बढ़ने शुरू हुए थे। इससे पहले 2 अक्टूबर को आखिरी श्राद्ध के दिन चांदी 90900 रुपए और सोना 71620 रुपए पर था। पहले नवरात्र को चांदी में 100 रुपए और सोने में 220 रुपए बढ़े।

नवरात्र के आखिरी दिन के बाद दशहरा तक के 9 दिनों में चांदी में महज 650 रु. तो सोने में 105 रु. बढ़े। असली बढ़ोतरी इसके बाद शुरू हुई। इससे ग्राहकों के साथ व्यापारी भी चौंक गए। अगले 11 दिनों में 24 अक्टूबर को खरीदारी के शुभ मुहूर्त यानी पुष्य नक्षत्र के दिन चांदी में 5600 रु. व सोने में 2115 रुपए बढ़ गए।

यह भाव महामुहूर्त धनतेरस के दिन उच्चतम स्तर पर पहुंच गए।

धनतेरस के दिन चांदी 99600 रु. तो सोने के भाव 74890 रु. थे। धनतेरस के अगले ही दिन 30 अक्टूबर से दाम गिरना शुरू हुए। हालांकि, पहले दिन चांदी में 1900 रुपए की कमी आई, जबकि सोना महज 90 रु. महंगा हुआ। इसके बाद चार दिन तक मार्केट बंद रहा। फिर 4 नवंबर को चांदी में 1100 व सोने में 735 रुपए की गिरावट रही। धनतेरस से 12 नवंबर को देवउठनी ग्यारस के बीच के 14 दिन में चांदी 9070 और सोना 3590 रुपए तक गिर गया। चांदी 90530 रु. और सोना 71300 रु. रहा।

सर्राफा एक्सपर्ट के मुताबिक धनतेरस से लेकर दीपावली तक सालभर में सबसे शुभ मुहूर्त होते हैं। मान्यताओं के मुताबिक लोग इन दिनों खासकर धनतेरस पर जरूर सोना-चांदी धातु खरीदते हैं। इस कारण डिमांड बढ़ जाती है तो दाम भी बढ़ जाते हैं। दीपावली बाद मांग में कमी आती है। इस बार भाव टूटने का एक कारण अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे भी हैं। 6 नवंबर को डोनाल्ड ट्रंप की जीत के साथ ही डॉलर इंडेक्स में इजाफा हुआ और सोने की कीमतों में भारी गिरावट हुई। तभी से सोना-चांदी की कीमतों में खास बढ़ोतरी नहीं हुई है।

असर… सर्राफा एसोसिएशन उदयपुर के मुताबिक आम ग्राहक भावों को लगातार ट्रैक करता है। दीपावली बाद से ही इनमें नरमी है तो आगामी दिनों में होने वाली शादियों के लिए सर्राफा बाजार में लोगों की भीड़भाड़ दिखाई दे रही है। इस साल सावों के सीजन में 100 करोड़ रुपए से अधिक के कारोबार होने की संभावना है।

आगे क्या… 12 नवंबर से 4 महीनों के ब्रेक के बाद शादियां शुरू हो गई हैं। अब फरवरी तक सावे हैं। इनमें ग्राहक जमकर खरीदारी करते हैं। अब भावों में तेजी से गिरावट हुई तो लोगों का रुझान फिर से बढ़ेगा। अभी आगामी दिनों में भावों में नरमी रह सकती है।

तब चांदी 99600, सोना 74890 रु. तक पहुंचा, अब 89150 रु. व 69920 पर

श्राद्ध के आखिरी दिन से धनतेरस तक के 28 दिन में चांदी में 8700 रु. प्रति किलो व सोने में 3270 रु. प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हुई।

धनतेरस से 14 नवंबर तक के 17 दिन में चांदी 10450 रु. प्रति किलो और सोना 4970 रुपए प्रति 10 ग्राम रुपए तक टूट चुका है।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!