महिला की हत्या कर शव के टुकड़े अलग अलग शहरों में फेके,जोधपुर में मिला सिर और हाथ , 6 दिन पहले बीकानेर में मिला था धड़
जोधपुर में आज सुबह 10:30 बजे नाले में महिला का सिर और हाथ मिले। इससे 6 दिन पहले बीकानेर में महिला की सिर कटी लाश मिली थी। बीकानेर पुलिस ने हत्या के आरोप में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, जिस महिला की हत्या हुई है, वह नागपुर की रहने वाली मुस्कान है। उसकी हत्या जोधपुर निवासी विकास मान और उसकी लिव-इन पार्टनर संगीता ने मिलकर की थी। इन्होंने मुस्कान की हत्या के बाद शव के टुकड़े अलग-अलग शहरों में फेंके थे।
कट्टे में डालकर नाले में फेंका
बीकानेर पुलिस महिला के अन्य बॉडी पाट्र्स की तलाश कर रही थी। इसी सिलसिले में शुक्रवार को बीकानेर से प्रशिक्षु आईपीएस रमेश पुलिस की टीम के साथ जोधपुर पहुंचे। जोधपुर में रातानाडा थाना पुलिस के सहयोग से पांच बत्ती इलाके में नाले में सर्च अभियान चलाया गया। नाले की सफाई के लिए नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी से सफाई के दौरान एक कट्टे में सिर और दोनों हाथ मिले।
पुलिस को महिला के कपड़ों की तलाश
15 जून को शाम 5:30 बजे बीकानेर में जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में पवनपुरी के अंडरब्रिज के पास सड़क किनारे कचरे में महिला की बिना सिर के लाश मिली थी। महिला के हाथ भी कटे हुए थे। शव से दुर्गंध आ रही थी। FSL की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए थे।
बीकानेर पुलिस की टीम एक महिला और पुरुष को बीकानेर से जोधपुर लेकर आई, जिन्हें आरोपी बताया जा रहा है। उनकी निशानदेही पर बॉडी पाट्र्स की तलाश की। इसी दौरान नाले में सिर और हाथ मिले। पुलिस बॉडी के कपड़ों की तलाश कर रही है।
