डुंगरपुर : युवक से पकड़े 26 लाख 75 हजार रुपए,8 किलो 392 ग्राम चांदी के गहने भी बरामद
डूंगरपुर की सागवाड़ा थाना पुलिस ने लोकसभा चुनाव को लेकर सीजर की एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने सागवाड़ा में नाकेबंदी में पैदल जा रहे एक युवक से 26 लाख 75 हजार कैश बरामद किया है। वहीं 8 किलो 392 ग्राम चांदी के आभूषण जब्त किए हैं। युवक के पास कोई डॉक्यूमेंट नहीं थे। पुलिस युवक को डिटेन कर पूछताछ कर रही है। सागवाड़ा थानाधिकारी प्रभुलाल मीणा ने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर सागवाड़ा पुलिस की ओर से नाकेबंदी कर चेकिंग की जा रही है। इसी के तहत सागवाड़ा में चेकिंग के दौरान बैग लटकाकर पैदल जा रहे युवक पर शक होने पर पुलिस की टीम ने उसे रुकवाया। पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली। इस दौरान बैग में कैश और चांदी के आभूषण भरे हुए थे। पुलिस ने युवक से कैश और चांदी के बारे में डॉक्यूमेंट मांगें, लेकिन युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। जिस पर पुलिस ने युवक को बैग के साथ डिटेन किया और थाने लेकर आए। पुलिस ने नोटों की गिनती की तो बैग से 26 लाख 75 हजार का कैश मिला। वहीं 8 किलो 392 ग्राम चांदी के आभूषण भी जब्त किए हैं। पुलिस राजसमन्द निवासी पूरण सिंह पुत्र देवी सिंह चौहान से पूछताछ कर रही है।
