गुजरात बॉर्डर पर कार से मिले 2.99 लाख रुपए,गुजरात निवासी एक आरोपी गिरफ्तार

बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने गुजरात सीमा से सटे रतनपुर बॉर्डर पर एक कार से 2.99 लाख से ज्यादा का कैश पकड़ा है। कार में पिस्टलनुमा लाइटर भी मिला है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। बिछीवाड़ा थानाधिकारी कैलाश सोनी ने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत पुलिस ने राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर नाकेबंदी कर दी। थानाधिकारी कैलाश सोनी के साथ हेड कॉन्स्टेबल गोविंद सिंह, गिरीश कुमार, जोगेंद्र सिंह, फतेहलाल की टीम ने राजस्थान से गुजरात आने-जाने वाली गाड़ियों की तलाशी शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने एक क्रेटा कार को रूकवाया। कार ड्राइवर संदीप भाई (34) पुत्र रमेश भाई कालरिया निवासी नवा जामबुडीया पुलिस थाना ए डिविजन मोरबी गुजरात से पूछताछ की, लेकिन वह सही जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने कार की तलाशी ली। इस दौरान कार के अंदर से कैश बरामद किया गया। कैश को लेकर कोई कागजात नहीं मिले। जिस पर जब्त कर थाने लेकर आए। गिनती करने पर 2 लाख 99 हजार 720 रुपए का कैश मिला। पुलिस ने कार से एक पिस्टलनुमा लाइटर भी बरामद किया है। वहीं, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!