शादी में वर – वधु पक्ष में चले लाठी-डंडे:आपस में मजाक के बाद शुरू हुई कहासुनी, तीन बाराती चोटिल

बयाना के सदर थाना इलाके के गांव खोहरा पिदावली में एक शादी समारोह में वर और वधु पक्षों के लोगों के बीच जमकर झगड़ा हो गया। झगड़े में लाठी-डंडे और लात-घूंसों के साथ ही पथराव हुआ। पथराव में बारात की एक कार का कांच भी फूट गया। वहीं बारात में शामिल दो-तीन युवकों के सिर में चोट आ गई।

इस दौरान झगड़े का किसी ने मोबाइल में वीडियो बना लिया। हालांकि अभी इसका स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है कि झगड़ा किस बात को लेकर हुआ। बताया जा रहा है कि आपस में मजाक करने पर युवकों के बीच कहासुनी के बाद झगड़ा शुरू हुआ।

जानकारी के मुताबिक बयाना के गांव मुर्रकी से मंगतू जाटव के बेटे विनोद की शनिवार को गांव खोहरा पिदावली में बच्चू सिंह के यहां बारात गई थी। जहां रात करीब 11 बजे बारात को खाना खिलाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक घराती और बाराती पक्षों के युवकों के बीच किसी बात को लेकर अचानक झगड़ा शुरू हो गया।

झगड़े के दौरान लात-घूंसों के साथ ही लाठियां चली। इसके साथ ही पथराव भी हुआ। झगड़े से शादी समारोह में अफरा तफरी मच गई। बाद में बुजुर्गों ने झगड़ा कर रहे युवाओं को समझाइश कर शांत कराया और बारात को रवाना किया।

इस संबंध में कैला देवी झील पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई पूरन सिंह ने बताया कि घटना को लेकर अभी किसी पक्ष ने शिकायत नहीं दी है। झगड़ा होने की जानकारी जरूर मिली है।

 

 

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!