खेरवाड़ा : ब्रेक फेल कंटेनर ने 5 वाहनो को लिया चपेट में, करीब 10 लोग घायल, पूरे क्षेत्र में मची अफरा तफरी
खेरवाड़ा थाना क्षेत्र में ब्रेक फेल होने के बाद तेज रफ्तार कंटेनर ने करीब 5 वाहनों को चपेट में ले लिया। जिससे करीब 10 लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत खेरवाड़ा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। हादसा खेरवाड़ा मुख्य कस्बे से गुजर रहे नेशनल हाइवे-48 पर हुआ। चालक अहमदाबाद से कंटेनर लेकर आ रहा था। राणी रोड वाले कट पर टर्न करते समय उसने सबसे पहले एक जीप को टक्कर मारी।
इसके बाद आगे बस स्टेण्ड के पास एक इको कार को चपेट में लिया। फिर एक ऑटो को टक्कर टक्कर मारी। फिर थोड़ा आगे एक ठेला व्यापारी को चपेट में ले लिया। इसके बाद भी कंटेनर नहीं रुका। उसने खेरवाड़ा पुलिस थाना रोड वाले कट पर एक कार को टक्कर मारी। जिसके बाद ट्रक रुक गया। करीब 10 मिनट तक ताबड़तोड़ टक्कर से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
हाईवे पर वाहनों के जाम की स्थिति बन गई। आसपास दुकानदार और राहगीर वाहनों में घायलों को बचाने के लिए दौड़े। उनकी मदद से घायलों को तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया गया। सूचना पर खेरवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को साइड में कराकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया। साथ ही ड्राइवर को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि कंटेनर के ब्रेक फेल होने के कारण उसका ड्राइविंग पर कंट्रोल नहीं रहा। ब्रेक फेल होने के बाद वह चिल्लाते हुए वाहन चालकों को साइड देने की बात बोल रहा था। इधर, क्षेत्रवासियों का कहना है कि लंबे समय से खेरवाड़ा में एलिवेटेड ब्रिज बनाने की मांग की जा रही है ताकि हादसों में कमी आ सके। इस मामले को खेरवाड़ा वासियों का एक दल केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिल चुका है लेकिन अभी तक कुछ काम नहीं हुआ।
