एक्सीडेंट के बाद कार में लगी आग, 3 दोस्त जिंदा जले : ओवरस्पीड में डिवाइडर से टकराई; 2 की गाड़ी में मौत, एक ने रास्ते में दम तोड़ा
तेज रफ्तार कार में डिवाइडर से टकराने के बाद आग लग गई। हादसे में तीन लोगों की झुलसने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने जलती कार के कांच तोड़कर मुश्किल से पीड़ितों को बाहर निकाला। इसी दौरान कार के टायर में ब्लास्ट हो गया और लोग डर के कारण दूर हो गए। मदद में देरी होने के कारण कार में फंसे दो लोग जिंदा जल गए। वहीं, एक झुलसे व्यक्ति ने हॉस्पिटल ले जाते समय दम तोड़ दिया। कार में कुल 5 लोग सवार थे। इनमें से 2 को गंभीर हालत में हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। हादसा अजमेर में शनिवार रात 11.30 बजे लोहागल रोड पेट्रोल पंप के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार कार में सवार जेएलएन हॉस्पिटल का वार्ड बॉय प्रतापनगर निवासी कृष्णा दोस्तों उमेश व 3 अन्य के साथ पुष्कर गया था। वहां से लौटते समय अजमेर कर लोहागल रोड पर उसकी रिट्ज कार लहराते हुए डिवाइडर से जा टकराई। स्पीड इतनी थी कि कार उलटी दिशा में घूम गई और उसमें आग लग गई।
पुष्कर बायपास से आ रहे श्यामसिंह राठौड़ नामक युवक ने कार में आग लगते देख शोर मचाया। इसके बाद नजदीक के रेस्टोरेंट में काम करने वाले दो भाई शंभूसिंह चौहान और दीपक चौहान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार के शीशे तोड़कर 3 जनों को निकाल लिया। लेकिन इस बीच कार का टायर फट गया।
इससे लोग घबराकर दूर भाग गए। दो लोगों को कार से नहीं निकाल पाए। उन दोनों की कार में ही मौत हो गई। झुलसे तीनों लोगों को श्याम सिंह अपने दोस्त की कार से जेएलएन अस्पताल ले गया। रास्ते में एक ने दम तोड़ दिया।
क्रिश्चियनगंज थाना प्रभारी रविंद्रसिंह खींची के अनुसार तीनों मृतकों की पहचान चौरसियावास निवासी सोहेल खान,वैशाली नगर निवासी जय सांखला, कबीर नगर निवासी शक्ति सिंह के तौर पर हुई है। इनमें कबीर सिंह व जय सांखला कार में ही जिंदा जल गए। जबकि सोहेल खान ने हॉस्पिटल ले जाते हुए दम तोड़ा।
वहीं, दो झुलसे लोग लोहाखान निवासी कृष्णा मुरारी व गुर्जर धरती निवासी उमेश कुमार हैं। उमेश कुमार को हालात गंभीर होने के कारण जयपुर रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार कार में गैस किट लगा हुआ था। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आग गैस किट की वजह से लगी या शॉर्ट सर्किट से।
