माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के खिलाफ विरोध को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक

कलेक्टर ने कंपनी के नियम व कार्य प्रणाली की जानकारी जनप्रतिनिधियों को देने के निर्देश दिए

ऋषभदेव । जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा बुधवार को ऋषभदेव पहुंचे, जहां उन्होंने पंचायत समिति सभागार में माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के खिलाफ विरोध को लेकर जनप्रतिनिधी व माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों की संयुक्त बैठक ली। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रुपलाल मीणा ने बताया कि क्षेत्र में बिना किसी पंचायत या प्रशासन की अनुमति के बिना माइक्रो फाइनेंस कंपनी गरीब आदिवासी लोगों को अपने जाल में फंसा ऋण देने का काम कर रही है और अपनी मनमर्जी से ब्याज वसूल रही है, समय पर किस्त और ब्याज नहीं चुकाने पर महिलाओं के साथ फाइनेंस कर्मचारी अभद्र व्यवहार करते है तथा ब्याज और उनकी किस्त समय पर नहीं लौटाने पर मनमर्जी से लेट फीस के नाम से अवैध वसूली करते है। मीणा ने आरोप लगाते हुए कहा कि फाइनेंस कर्मचारी महिलाओं का देह शोषण करने का भी काम करते है। इससे तहसील क्षेत्र में कई परिवार टूट चुके हैं। कई महिलाओं को कंपनी के कर्मचारी अपने साथ भगा कर ले गए हैं और जान से मारने की धमकी देते है। चिकला सरपंच हीरालाल मीणा ने बताया कि टीएसपी क्षेत्र में बिना ग्रामसभा के अनुमति के माइक्रो फाइनेंस कंपनी लेन-देन नहीं कर सकती है, इन माइक्रो फाइनेंस कंपनी को तुरंत बंद किया जाए और सरकार की ओर से सभी गरीबों को ऋण दिलाया जाए। इधर फाइनेंस कंपनी की ओर से मनोज कुमार ने कहा कि सारा लेन-देन आरबीआई की गाइड लाईन के अनुसार किया जाता है। दोनों पक्षों की बात सुन कर कलेक्टर मीणा ने माइक्रो फाइनेंस कंपनी के अधिकारियों को कंपनी नियम व काम करने की जानकारी जानकारी जनप्रतिनिधियों को देने, रिकवरी के दौरान दवाब नहीं बनाने, पंचायतों के माध्यम से प्रचार प्रसार करने, महिलाओं को लोन देने से पहले उसके परिवार से भी बातचीत करने व दोनों पक्षों की 5-5 सदस्यों की कमेटी बना कर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं पंड्यावाड़ा के पूर्व सरपंच देवी लाल मीणा ने कंपनी में स्थानीय व्यक्ति व महिला कर्मचारी को लगाने की मांग की। एसडीएम श्रवण सिंह राठौड़, तहसीलदार श्याम सिंह चारण, विकास अधिकारी हिराराम मेघवाल, प्रधान केसर देवी मीणा, उपप्रधान शंकर लाल कलासुआ, चिकला सरपंच हीरा लाल मीणा, कीकावत सरपंच चंपा लाल मीणा, गरनाला सरपंच धर्मेंद्र मीणा, पादेड़ी सरपंच देवीलाल मीणा, भाटिया कागदर सरपंच शांति लाल मीणा, मांडवा कागदर सरपंच बद्री लाल मीणा, कानूवाड़ा सरपंच धूलेश्वर मीणा,मसारों की ओबरी से रणजीत मीणा, पंचायत समिति सदस्य दिनेश अहारी आदि उपस्थित थे।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!