डेरावड़ में शिव-प्रतिष्ठा महोत्सव में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, शुभ मुहूर्त में हुई शिव-प्रतिष्ठा, अंत में हुई महाप्रसादी
पूर्णाहुति के साथ ही तीन दिवसीय पंच कुंडीय हवन का हुआ समापन, 21-21 जोड़ो ने दी प्रतिदिन हवन में आहुतियां
बाँसड़ा,कन्हेयालाल मेनारिया । ग्राम पंचायत सिहाड़ के ग्राम डेरावड़ में रूपनाथजी धूणी पर महंत योगी प्रेमनाथ महाराज व समस्त ग्रामवासियों द्वारा आयोजित तीन दिवसीय पंच कुंडीय हवन व शिव प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतिम दिन अपार आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में महंत योगी प्रेमनाथ महाराज व ग्राम वासियों द्वारा शिवजी की विधिविधान से प्रतिष्ठा की गई। गांव में तीन दिवसीय शिव-प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतिम दिन भारी तादाद में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शिव-प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतिम दिन गांव के श्रद्धालुओं ने मेवाड़ी परिधानों में सज धज कर धार्मिक आयोजन में भाग लिया। 20 जून को विविध अधिवासन कराकर ओषधीय अभिषेक किया गया। बुधवार को श्रद्धालुओं द्वारा यज्ञशाला में स्थापित देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना एवं आराधना की गई। श्रद्धालुओं द्वारा पंच कुंडीय यज्ञ में आहुतियां अर्पित करते हुए जन कल्याण की कामना की गई। निर्माण समिति के महामंत्री जमनाशंकर मेनारिया ने बताया कि इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर धूणी के महंत योगी प्रेमनाथ महाराज एवं पंडित अम्बालाल शर्मा के सानिध्य में पंच कुंडीय यज्ञ में प्रतिदिन 21-21 जोड़ो ने हवन में दो पारियों में आहुतियां दी। बुधवार प्रातः 10.35 बजे देवपूजन, महारुद्र यज्ञ हुआ। यज्ञशाला में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद महंत योगी प्रेमनाथ महाराज, यज्ञाचार्य अंबालाल शर्मा व सभी संतो की उपस्थिति में भामाशाह गौरीलाल बंजारा ने विधिवत शिव-प्रतिष्ठा की, तत्पश्चात हवन की पूर्णाहुति हुई। पूर्णाहुति पश्चात महाप्रसादी का आयोजन हुआ। जिसमें आसपास के सेकड़ो ग्रामीण सहित कई गांवों से आए 12 हज़ार अथाक जनसमूह ने महाप्रसादी में प्रसाद ग्रहण किया।
हर हर महादेव से गुंजा गांव
शिव-प्रतिष्ठा होते समय पूरा गांव हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इस दौरान ग्राम वासियों द्वारा शिवलिंग पर पुष्प एवं गुलाल वर्षा करते हुए दोनों हाथ ऊपर उठाकर जयकारे लगाए। प्रतिष्ठा के बाद श्रद्धालुओं द्वारा गाजे-बाजे के साथ महाआरती उतारी गई। जिसमें समस्त ग्राम वासियों ने भाग लेते हुए धार्मिक लाभ लिया। वही पंच कुंडीय महारुद्र यज्ञ एवं शिव प्रतिष्ठा महोत्सव के विभिन्न मांगलिक कार्यों का बुधवार को शिव प्रतिष्ठा व पंच कुंडीय यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ तीन दिवसीय महोत्सव का समापन हुआ।
कार्यक्रम में यह रहे जनप्रतिनिधि एवं संत मौजूद
इस कार्यक्रम में वल्लभनगर विधायक प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत, वल्लभनगर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रप्रकाश मेनारिया, राज्य मंत्री जगदीश श्रीमाली, सरपंच प्रतिनिधि पृथ्वीराज, सुभाष सोनी, जालोर से पीर योगी गंगानाथ महाराज, नागौर से पीर योगी मंगलनाथ महाराज, भोलानाथ महाराज, खेड़ा मंडी उदयपुर से महंतयोगी रेवतीनाथ महाराज, वणाई आश्रम से महंतयोगी चेतननाथ महाराज, रामदाता मठ बम्बोरा से महंतदत्त गिरिजी महाराज, नाथद्वारा से उदयनाथ महाराज, मालेश्वर महादेव वाना से दंडी स्वामी ओमप्रकाशानंद महाराज मौजूद रहे। सभी संतो ने मिलकर धूणी के महंत योगी प्रेमनाथ को गादीपति नियुक्त किया।
