कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के लाखों युवा बेरोजगारों का भविष्य बर्बाद करने का पाप किया है- सीपी जोशी
कुराबड़ क्षेत्र के तरीबा हनुमानजी के मंदिर में पीएम नरेंद्र मोदी के मन की बात रेडियो कार्यक्रम सुनने उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़
भींडर । राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के लाखों युवा बेरोजगारो का भविष्य बर्बाद करने का पाप किया है। इस पाप की सजा निश्चित रूप से मिलेगी। यह बात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सांसद सीपी जोशी ने वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के कुराबड में तरीबा हनुमानजी के मंदिर पर आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात रेडियो कार्यक्रम के दौरान कहीं। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष सांसद जोशी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा की ऐसी नक्कारा सरकार प्रदेश की जनता ओर युवाओं ने कभी नहीं देखी। कांग्रेस सरकार ने वादा किया की हम बेरोजगारी भत्ता देंगे। बेरोजगारी भत्ता तो नहीं दिया वो ठीक है, लेकिन प्रदेश के लाखों युवाओं के अरमानों ओर सपनों को तोड़ने का अधिकार आपको किसने दिया। एक नहीं दो नहीं पूरे 18 बार पेपर लीक हुआ। वही शनिवार रात को भी एक पेपर लिक हुआ। यह दर्शाता है की सरकार को नाकामी के लिए तुरन्त इस्तीफा दे देना चाहिए। इस मामले में ईडी ने कार्रवाई शुरू की उससे पहले सरकार ने किन-किन अधिकारियों को बचाया। पेपर लीक मामले में कौन अधिकारी थे जिसको आप बचा रहे थे, उनको गिरफ्तार करने से रोका। इस मामले में मुख्यमंत्री गहलोत को जवाब देना चाहिए। प्रदेश के लाखों युवाओं के भविष्य को बर्बाद किया। जिसकी सजा निश्चित रूप से मिलेगी। जनता देख चुकी है, पूरी तरह से जान चुकी है। जनता हिसाब चुकता करने के लिए बैठी हुई है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा वल्लभनगर विधानसभा प्रभारी हिम्मत सिंह झाला ने कहा की मन की बात का यह संस्करण हमेशा की तरह प्रेरणादाई है। इसी विशेषता के कारण मन की बात कार्यक्रम आज लोकप्रियता के नवीन कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। इसके साथ ही झाला ने एसटी प्रदेश मंत्री कन्हैया लाल मीणा को अपने पिता दिवंगत पूर्व विधायक गौतम लाल मीणा की स्मृति में तरीबा हनुमान मंदिर परिसर में सामुदायिक भवन बनवाने के लिए आभार व्यक्त किया। प्रदेश अध्यक्ष व सांसद सीपी जोशी, प्रदेश मंत्री कन्हैया लाल मीणा, देहात जिला अध्यक्ष चंद्रगुप्त सिंह चौहान के साथ जिला पदाधिकारी, समस्त मोर्चों के मंडल अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, प्रधान, उप प्रधान, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच, वार्डपंचो एवं क्षेत्र के वरिष्ठ कार्यकर्ताओ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात रेडियो कार्यक्रम को सुना ओर अपने जीवन में प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।
