कोटड़ा में फ्रिज में आया करंट, पिता-बेटी की मौत, लड़की के चिल्लाने पर बचाने गए थे पति-पत्नी, महिला की हालत गंभीर
उदयपुर । फ्रिज से सामान निकालते समय 16 साल की लड़की के करंट लग गया। बेटी को बचाने दौड़े माता-पिता भी करंट की चपेट में आ गए। हादसे में पिता-बेटी की मौत हो गई। महिला को गंभीर हालत में गुजरात के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घटना शुक्रवार रात 11 बजे उदयपुर जिले के कोटड़ा इलाके में हुई। पुलिस के अनुसार सड़ा गांव निवासी बाबूलाल पारगी (45) पंचायत राज विभाग में क्लर्क था। फिलहाल ग्राम पंचायत बेड़ाधर के ग्राम विकास अधिकारी पद की जिम्मेदारी थी। रात 11 बजे बेटी संगीता पानी पीने उठी थी। पानी की बोतल निकालने के लिए उसने फ्रिज के जैसे ही हाथ लगाया। करंट लग गया। अचानक उसके चीखने की आवाज सुनकर माता-पिता उसे बचाने के लिए दौड़े। दंपती ने बेटी को बचाने के लिए हाथ से छू लिया। उनके शरीर में भी करंट दौड़ गया। पिता और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। मां वर्षा गंभीर झुलस गई, जिसे गुजरात के ईडर में रेफर किया गया है।
