जनता सेना ने विभिन्न मांगो को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा
उदयपुर । जनता सेना ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला कलेक्टर को जनता सेना संरक्षक रणधीर सिंह भिंडर के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा । रणधीर सिंह भिंडर ने बताया कि राजस्थान में पिछले चुनाव से पहले गहलोत सरकार ने घोषणा की थी कि हम किसानों को निर्बाध बिजली लगातार देंगे, घरेलू बिजली भी 24 घंटे देने की घोषणा की थी, किसानों को खाद बीज की आपूर्ति का वादा किया था लेकिन इस सरकार ने किसानों के साथ सरकार ने केवल छलावा किया है। भिंडर ने कहा कि बिजली आती तो है लेकिन आए दिन बिना जानकारी के किसी भी समय बिजली में कटौती कर दी जाती है जिससे किसानों व गृहाणियो को काफी समस्या होती है।
इसके साथ ही खाद की मारामारी का आलम ऐसा है कि दुकानदार कालाबाजारी कर बैठे हैं और महंगे दामों में खाद बेच रहे हैं। भिंडर ने कहा की इसके साथ ही हमारी मुख्य मांग है कि जब से हिंदुस्तान जिंक की स्थापना देबारी में हुई है तब से हमारे क्षेत्र का वातावरण, जल व भूमि दूषित हो चुके हैं, इसको लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया लेकिन कोई समाधान नहीं निकाला गया ऐसे में आज ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी जा रही है कि शीघ्र ही इसका समाधान नहीं किया गया तो जनता सेना द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा।
