मेनार में पांच दिवसीय 24वां अम्बामाताजी आमजन मेले का हुआ आगाज, मेले में पहले दिन व्यापारियों के आने का क्रम है जारी
उद्घाटन समारोह में विधायक प्रीति शक्तावत ने ध्वजारोहण कर मेले के उद्घाटन की घोषणा की, ग्रामीणों ने गांव की समस्याओं को लेकर विधायक को अवगत करा निराकरण करने की मांग की
मेले में वल्लभनगर प्रधान ने इंटरलॉकिंग हेतु 7 लाख एवं स्कूल के छत की मरम्मत हेतु एक लाख रुपये की घोषणा की
बाँसड़ा,कन्हैया लाल मनेरिया । उपखंड क्षेत्र वल्लभनगर के मेनार में पांच दिवसीय 24वां अम्बामाता आमजन विशाल मेले का शुभारंभ हिरोला की छापर, मेला ग्राउंड में रविवार सुबह 12.30 बजे वल्लभनगर विधायक प्रीति शक्तावत के बतौर मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प. स. वल्लभनगर प्रधान देवीलाल नंगारची ने की, विशिष्ट अतिथि के रूप में अधिष्ठाता पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय नवानिया वल्लभनगर डॉ. राजीव कुमार जोशी, आईईएन वल्लभनगर गिरिराज मेहर, थानाधिकारी खेरोदा पवन सिंह, सरपंच मेनार प्रमोद कुमार, उपसरपंच मेनार मांगीलाल सिंगावत, पूर्व प्रधान वरिष्ठ अधिवक्ता हुक्मीचंद सांगावत, क्रय विक्रय सहकारी समिति अध्यक्ष शांतिलाल रूपावत, पूर्व सरपंच मेनार ओंकारलाल भलावत, सरपंच हिंता माधवलाल अहीर, नवानिया सरपंच सत्यनारायण आमेटा, सरपंच मजावडा नानूराम गाडरी, व्यापारी बंशीलाल बंजारा, पशु चिकित्सा अधिकारी मेनार पुष्पा बिश्नोई, दिनेश मेनारिया, पुरुषोत्तम रूपावत, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष गणेशगिरी गोस्वामी, माधवलाल जाट थे।

उद्घाटन समारोह से पुर्व ग्राम पंचायत एव ग्रामीण ढोल, थाली मादल के साथ माँ जगदम्बाजी के दरबार पहुँचे, जहाँ माता की विधिवत पूजन अर्चन कर माँ के जयकारो के साथ माँ जगदम्बाजी की प्रतिमा को मेला स्थल तक लेकर आए, तत्पश्चात पूजन के साथ मेला प्रांगण में प्रतिमा की स्थापना की गई। उद्घाटन समारोह की शुरुआत माता को दिप प्रज्ज्वलित के साथ हुई, तथा ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों द्वारा मंचासीन सभी अतिथियों को मोमेंटो देकर, तिलक लगा और उपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया गया, तथा मेला उद्घाटन कार्यक्रम में पंडितों के वैदिक मंत्रोचार के बीच विधायक शक्तावत ने अंबामाता की पूजा अर्चना एवं आरती उतारी। इसके बाद कार्यकर्ताओं व ग्रामवासियों की मौजूदगी में लाल रिबन काटकर एवं ध्वजारोहण करके आमजन मेले का उद्घाटन किया। ग्राम विकास अधिकारी रामदीन मीणा ने बताया कि मेले में मेलार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए, जिससे पूरा मेला कैमरे की निगरानी में रहेगा। मेले में 700 प्लॉट्स आवंटित हो चुके है।

मुख्य अतिथि वल्लभनगर विधायक प्रीति शक्तावत ने कहा कि लंपी डिजीज को देखते हुए ग्राम पंचायत ने इस पशु मेले को आमजन मेला लगाया, वह काफी अच्छा प्रयास किया है, बाकी दो साल से कोरोना के कारण मेले का आयोजन नहीं हो पाया, जिससे लोगो को इस वर्ष मेले को लेकर काफी उत्सुकता थी। वही शक्तावत ने मेनार में कांग्रेस द्वारा करवाये गए विकास कार्यों को बताते हुए अपने विचार व्यक्त किए। पूर्व प्रधान हुक्मीचंद सांगावत ने विधायक, प्रधान से मेले की बाउंड्री में हो रहे अतिक्रमण को हटाने हेतु मेले की बाउंड्रीवाल की बनाने, ब्रह्म सागर, ढंड तालाब में फैल रही गंदगी को हटाने की मांग की, तथा माताजी मंदिर के पीछे 11केवी लाइन को हटाकर दूसरी जगह लगाई जाने की मांग की। वही एसएचओ खेरोदा पवन सिंह, अधिष्ठाता वेटरनरी कॉलेज नवानिया डॉ. राजीव कुमार जोशी, पूर्व सरपंच ओंकारलाल भलावत ने भी अपने विचार रखे। प्रधान देवीलाल नंगारची द्वारा महात्मा गांधी स्कूल मेनार से हनुमानजी मंदिर तक इंटरलॉकिंग के लिए 7 लाख रुपये एवं महात्मा गांधी स्कूल में छत मरम्मत हेतु एक लाख की घोषणा की। कार्यक्रम का संचालन अम्बालाल रूपावत ने किया। वार्ड पंच प्रतिनिधि जीवन दावोत, राजकुमार कानावत, वार्ड पंच दयाल लुणावत ने बताया कि मेले में चकरी, डोलर, सर्कस, प्यारेलाल, ड्रेगन डोलर, खाने पीने की दुकानें, ऊनी वस्त्र, मवेशियों के श्रृंगार की दुकानें सजनी शुरू हो गयी है। मेले के पहले दिन व्यापारी दुकानों को सजाते हुए दिखे, तो कई व्यापारीयो के मावली मेले से आने का क्रम जारी है। दरअसल अंबामाता आमजन मेले में इस बार पशुओं को लाने पर रोक लगाई गई है। मेनार में 2 साल बाद पुनः आयोजित हो रहे मेले को लेकर ग्रामवासियों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। वही ग्रामीणों ने गांव की कई समस्याओं के निराकरण को लेकर विधायक प्रीति शक्तावत को अवगत कराया, जिस पर विधायक प्रीति शक्तावत ने जल्द ही समस्याओ के निस्तारण करने का आश्वासन दिया।
