चित्तौड़गढ़ से बाइक पर उदयपुर एमडी ड्रग बेचने आए दो आरोपी गिरफ्तार, 45.50 ग्राम ड्रग बरामद
उदयपुर । सूरजपोल थाना पुलिस ने गुरुवार देर रात नाकाबंदी के दौरान बाइक सवार अशरफ मंसूरी पुत्र मोहम्मद हारुन और शोयब शेख पुत्र साजिद निवासी कजोड़पुरा, सावा, शंभूपुरा जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार कर 45.50 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद की है। जिसकी मार्केट में वैल्यू 200000 रुपये है।
उदयपुर एसपी विकास शर्मा ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रशील ठाकुर व सीओ शिप्रा राजावत के सुपरविजन एवं थानाधिकारी लीलाराम के नेतृत्व में सूरजपोल थाना पुलिस की टीम द्वारा रात के समय किशनपोल क्षेत्र में नाकाबंदी की गई थी। नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों अशरफ मंसूरी और शोयब शेख को रोककर तलाशी ली गई तो उनके पास एमडी ड्रग पाई गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उक्त ड्रग वे युवा उम्र के लड़कों को बेचने के लिए उदयपुर आए हैं। इस पर दोनों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया गया। जब्त की गई एमडी ड्रग की वर्तमान मार्केट वैल्यू करीब दो लाख रुपये है। गिरफ्तार आरोपियों से ड्रग की खरीद फरोख्त और नेटवर्क के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है।
