उदयपुर में नगर निगम ने सुरक्षा मापदंडों में लापरवाही पर 4 होटल एवं बिना स्वीकृति निर्माण पर दो मंजिला इमारत को किया सीज
उदयपुर,डीपी न्यूज़ नेटवर्क । नगर निगम अग्निशमन शाखा ने सुरक्षा मापदंडों में लापरवाही पाए जाने पर लगातार दूसरे दिन 4 इमारतों को सीज करने की कार्रवाई की गई। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि पूर्व में शहर की कई प्रमुख इमारतों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान फायर ऑफिसर शिवराम मीणा, नवदीप सिंह बग्गा आदि भी मौजूद रहे। टीम द्वारा की गई जांच में जिन इमारतों ने सुरक्षा मापदंड नहीं अपनाए थे उन्हें नगर निगम द्वारा नोटिस जारी किये गए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि नोटिस मिलने के उपरान्त भी सुरक्षा के लिए जारी निर्देश की पालना नहीं करने पर गुरुवार को नगर निगम अग्निशमन दल ने सेक्टर-13 स्थित रॉयल आईकॉन होटल, ऑक्सीऑन होटल, हरिदास जी की मगरी स्थित होटल अगवानी तथा इमली घाट चांदपोल स्थित उम्मेद होटल को सीज कर दिया।
आयुक्त ने बताया कि शहर में कई होटल एवं रेस्टोरेंट तंग गलियों में बनाए गए हैं जहां पर आपातकाल स्थिति में फायर ब्रिगेड अथवा कोई भी अन्य आवश्यक कदम तत्काल नहीं उठाए जा सकते हैं। इसलिए होटल एवं रेस्टोरेंट सहित अन्य व्यावसायिक स्थान पर आवश्यक सुरक्षा उपकरण निश्चित रूप से लगे हुए होने चाहिए।
आयुक्त राम प्रकाश ने स्पष्ट किया कि स्वायत्त शासन विभाग राज सरकार नेशनल बिल्डिंग कोड 2016 के तहत लाईफ एण्ड सेफ्टी के तहत जनहित एवं सुरक्षा की दृष्टि से शहर में निर्मित होटल रेस्टोरेन्ट एवं अन्य व्यावसायिक गैर व्यावसायिक इमारत में सुरक्षा मापदंडों को लेकर आकस्मिक जांच की जाएगी। जांच में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि किसी इमारत में सुरक्षा को लेकर कुछ कमी है तो वह उस कमी को पूरा कर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करें। साथ ही नगर निगम अग्निशमन शाखा से एनओसी प्रमाण पत्र अवश्य प्राप्त करें।
आयुक्त ने कहा कि शहर की बड़ी एवं रिहायशी इमारतें शोपिंग मॉल, होटल्स, कोचिंग संस्थानें, स्कूल, हॉस्टल, पेट्रोल पम्प, रेस्टोरेंट एवं व्यावसायिक गतिविधि करने वाले समस्त स्थल पर यदि सुरक्षा मापदण्डों में कोई कमी है तो उसको नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
बिना स्वीकृति की दो मंजिला इमारत को सीज किया
इधर, नगर निगम ने उदयपुर शहर के हरिदास जी की मगरी क्षेत्र में निगम की बिना अनुमति के ही भूखंड मालिक द्वारा दो मंजिला इमारत का निर्माण करवाने पर कार्रवाई की। टीम ने निर्माणाधीन भवन को सीज कर दिया। टीम में राजस्व निरीक्षक विजय जैन, मोहित अग्निहोत्री, राहुल मीणा, पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी शामिल थे।
