रेव पार्टी की सूचना पर उदयपुर में दो फॉर्महाउस पर छापा,1 NRI,10 युवतियां और 18 युवक गिरफ़्तार
उदयपुर,डीपी न्यूज़ नेटवर्क । उदयपुर पुलिस ने 2 फार्म हाउस पर चल रही रेव पार्टी से 5 राज्यों के 28 लड़के-लड़कियों को गिरफ्तार किया है। पार्टी में अमेरिकी युवक (NRI) भी शामिल था, जिसके पास से 4 हजार डॉलर भी मिले हैं। पुलिस ने मौके से गांजा, शराब और आपत्तिजनक चीजें बरामद की हैं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 2 टीमें बनाकर देर रात 2 फार्म हाउस पर दबिश दी तो यहां लड़कियां अश्लील कपड़ों में नाच रही थी और युवक नोट उड़ा रहे थे। कुछ करेंसी जमीन पर भी बिखरी हुई थी। पार्टी में शामिल होने के लिए 10 हजार रुपए का टिकट रखा गया था।
एसपी योगेश गोयल ने बताया- रेव पार्टी के लिए प्रति व्यक्ति 10 हजार रुपए एंट्री फीस रखी गई थी। पुलिस ने पहले इस पार्टी का का वेरिफिकेशन किया और फिर दबिश दी। पुलिस जब फार्म हाउस के अंदर पहुंची तो तेज आवाज में म्यूजिक बज रहा था और हॉलनुमा कमरे में युवतियां डांस कर रही थी। युवतियां कम और अश्लील कपड़ों में थी, जबकि यहां मौजूद युवक उन पर नोट उड़ा रहे थे। मौके से एक गुजरात नंबर की कार भी बरामद की गई है।
गिर्वा डीएसपी सूर्यवीर सिंह ने बताया- उदयपुर के गोगुंदा थाना इलाके के माताजी का खेड़ा में पियाकल प्रियांक पीपी फार्म हाउस पर शनिवार देर रात 1 बजे दबिश दी। वहीं खुमानपुरा स्थित द स्काई साइन हॉलिडे होम फार्म हाउस पर दूसरी टीम ने रविवार सुबह करीब 3:30 बजे कार्रवाई की। दोनों फार्म हाउस के बीच की दूरी डेढ़ किलोमीटर है। युवक-युवतियों से पूछताछ करने और अन्य जानकारी जुटाने में 13 घंटे लग गए। दोनों फार्म हाउस से पुलिस 10 युवतियों और 18 युवकों को लेकर रविवार दोपहर 4 बजे गोगुंदा थाने पहुंची।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोगुंदा थाना इलाके में 2 फार्म हाउस पर रेव पार्टी चल रही है। यहां बड़ी संख्या में युवक और एस्कॉर्ट सर्विस के लिए अलग-अलग राज्यों से लड़कियां भी बुलाई गई हैं। इस पर एसपी योगेश गोयल ने दो अलग-अलग टीमों का गठन किया। एक टीम मेरे सुपरविजन में पियाकल प्रियांक पीपी फार्म हाउस पर कार्रवाई के लिए पहुंची, जबकि दूसरी टीम उदयपुर वेस्ट डीएसपी कैलाश खोरीवाल के सुपरविजन में द स्काई साइन हॉलिडे होम फार्म हाउस पर कार्रवाई के लिए पहुंची।
उन्होंने बताया- पुलिस टीमों ने पियाकल प्रियांक पीपी फॉर्म हाउस से 5 लड़कियां और आयोजक सहित 8 युवकों को पकड़ा। वहीं, द स्काई साइन हॉलिडे फॉर्म हाउस से 5 लड़कियों और 10 युवकों को पकड़ा। सभी लोग वेश्यावृत्ति में लिप्त पाए गए। दोनों फार्म हाउस में हुई कार्रवाई के अलग-अलग केस दर्ज किए हैं और आगे की कार्रवाई जारी है।
सिंह ने बताया कि पियाकल प्रियांक पीपी फार्म हाउस में पार्टी के मुख्य आयोजनकर्ता अमित प्रधान निवासी बोरानाडा (जोधपुर) के साथ ही कोमल (22) निवासी उदयपुर, सायमा (27) निवासी उदयपुर, दीप्ति (27) निवासी ठाणे (महाराष्ट्र), पठान (23) निवासी सूरत (गुजरात) और आरजू (25) निवासी बंसत विहार (दिल्ली), गुजरात के बड़ौदा निवासी रोडिया रक्षित, जैमिन, दीपक, हिरेन, दिशांत और साहिल (19) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यहां से एक NRI जिगर शाह (42) निवासी स्टोनब्रूक (USA) को भी गिरफ्तार किया। उसके पास से 4 हजार डॉलर अमेरिकन करेंसी बरामद की है, जिसकी भारतीय कीमत 3 लाख 20 हजार रुपए है।
