बच्चों की लड़ाई बड़ों तक पहुंची,बच्चों के साथ हुई मारपीट का बदला लेने दूसरे पक्ष ने 3 घरों में की तोड़फोड़,महिला सहित 2 घायल;मामला दर्ज
डूंगरपुर,डीपी न्यूज़ नेटवर्क । जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के ओडाबड़ा माताजी फला में बच्चों की लड़ाई बड़ों तक पहुंच गई। बच्चों से मारपीट का बदला लेने के लिए दूसरे पक्ष ने 3 घरों में घुसकर हमला (चढ़ोतरा) कर दिया। घरों में जमकर तोड़फोड़ की। एक बाइक को लट्ठ पत्थरों से तोड़ दिया। हमले में एक महिला और बुजुर्ग घायल हो गए। मामले में 16 आरोपियों को नामजद किया गया है, जबकि 15 अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस घटना को लेकर जांच कर रही है।
रमेश (30) पुत्र हकरा अहारी मीणा, अरविंद (25) पुत्र बंशीलाल डामोर मीणा और शंकर (42) पुत्र पूंजा अहारी मीणा निवासी ओड़ाबड़ा माताजी फला की ओर से रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। इसने बताया कि 14 जनवरी को सुरेश पुत्र वाला खराड़ी निवासी ओड़ाबड़ा नाल फला के साथ मारपीट की घटना हुई थी। इसे लेकर तरुण पुत्र हरीश डामोर ने मारपीट की थी, लेकिन घटना में हमारे परिवार के सतीश पुत्र शंकर अहारी और दिलीप पुत्र हकरा अहारी पर भी मारपीट के आरोप लगाए थे। इसी घटना का बदला लेने और पुरानी रंजिश को लेकर सुरेश और उसके परिवार के लोग 17 जनवरी को हमलावर होकर आए। शाम करीब 7 बजे हाथों में लट्ठ लेकर बाइक लेकर सबसे पहले रमेश के घर पहुंचे। घर के बाहर चिल्लाते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस पर रमेश, उसकी पत्नी अनीता, पिता हकरा घर से बाहर निकले। जिस पर हमलावरों ने घर छोड़कर यहां से भागने की धमकी दी। उसी समय किसी हमलावर ने उसके पिता हकरा पुत्र थावरा के सिर के पीछे की ओर से 2 थप्पड़ मारे।
हमलावरों ने लट्ठ, पत्थरों से हमला करते हुए घर के बिजली मीटर, दरवाजे और छत के केल फोड़ दिए। इससे परिवार को करीब 20 हजार रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ। इसके बाद हमलावरों ने अरविंद पुत्र बंशीलाल के घर में घुसकर तोड़फोड़ की। लट्ठ, पत्थरों से घर पर लगे सीमेंट के टीनशेड तोड़ दिए। अरविंद की पत्नी सोनल दौड़कर घर से बाहर आई तो हमलावरों ने हाथ पकड़कर बाहर खींच लिया और धक्का मारा। जिससे उसके शरीर पर कई जगह चोट आई। वहीं घर के बाहर खड़ी बाइक भी तोड़ दी। इससे 35 हजार का नुकसान हुआ। हमलावरों ने रास्ते से जा रहे उनके परिवार के बुजुर्ग नाथा पुत्र होमा अहारी से मारपीट की। वहीं शंकर के घर में पथराव करते हुए कवेलु, दरवाजे और लाइट का मीटर तोड़ दिया। इससे करीब 15 हजार का नुकसान हुआ। वहीं परिवार के लोगों ने भागकर और छिपकर अपनी जान बचाई।
घटना को लेकर 16 नामजद और 15 अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है। इसमें ओडाबड़ा फला रलावी निवासी शांतिलाल पुत्र जगु खराड़ी, बाबूलाल पुत्र नानजी खराड़ी, वाला पुत्र थावरा खराड़ी, राजू पुत्र नवला खराड़ी, देवा पुत्र गला खराड़ी, जयंतीलाल पुत्र रामा खराड़ी, कावा पुत्र हुका खराड़ी, रामा पुत्र हुका खराड़ी, पप्पू पुत्र गला खराड़ी, कांतिलाल पुत्र नवला खराड़ी, विकेश पुत्र रामा खराड़ी, ईश्वरलाल पुत्र कावा खराड़ी, सुनील पुत्र कांतिलाल खराड़ी, सोहन पुत्र शंकर खराड़ी, दिनेश पुत्र अरजी खराड़ी और सुरेश पुत्र वाला खराड़ी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई है। इसके अलावा 10 से 15 अन्य आरोपियों के खिलाफ भी केस दर्ज करवाया है। बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। एएसआई शिशुपाल सिंह घटना को लेकर जांच कर रहे हैं।
