थानाधिकारी पर मारपीट का आरोप, वीडियो बनाकर सुसाइड की धमकी दी; पुलिस युवक की तलाश में जुटी
सलूंबर,डीपी न्यूज नेटवर्क । SHO पर मारपीट का आरोप लगाते हुए एक युवक ने सुसाइड की धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर डाला है। युवक इस वीडियो के बाद से गायब है, पुलिस 5 घंटे से उसकी तलाश में जुटी है। मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक के साथ कोई मारपीट नहीं की गई। अवैध बजरी परिवहन को लेकर उसे धमकाया था, अब वह दबाव बनाने के लिए ऐसे वीडियो बना रहा है।
मामला सलूंबर जिले में झल्लारा थाने इलाके का देर रात 12 बजे का है। पीयूष कलाल (33) नाम के युवक ने झल्लारा थाना SHO धर्मेंद्र सिंह बाघेला पर आरोप लगाएं हैं। युवक डंपर चलाता है।
सोशल मीडिया पर आए वीडियो में युवक कहता नजर आ रहा है कि मैं पीयूष कलाल। झल्लारा थानाधिकारी धर्मेंद्र सिंह बाघेला और सलूंबर डीएसटी में राकेश के कारण उन्होंने मेरे साथ मारपीट की। इसलिए मैं आत्महत्या कर रहा हूं। इसके जिम्मेदार धर्मेंद्र सिंह बाघेला और राकेश जी रहेंगे। यह वीडियो 22 सेकेंड का है और इसे वॉट्सऐप ग्रुप पर डाला गया। इसके बाद यह सोशल मीडिया पर आया।
मामले को लेकर थानाधिकारी धर्मेंद्र सिंह बाघेला ने बताया- वे शनिवार रात को गश्त कर रहे थे। तभी रात करीब 11 बजे उन्होंने पीयूष कलाल को ट्रॉली में अवैध बजरी परिवहन करते देखा। पीछा कर रोकने का प्रयास किया। लेकिन, तब तक पीयूष ने बामनिया स्थित रोड पर एक निर्माणाधीन बाउंड्री के पास ट्राली खाली कर दी।
बाघेला ने बताया- इस पर उन्होंने पीयूष को आइंदा बजरी परिवहन नहीं करने को लेकर धमकाया था। 5 मिनट के बाद वे वहां से रवाना हो गए। उन्होंने कहा कि मारपीट जैसी कोई घटना नहीं हुई है। सुबह उनके पास पीयूष का सुसाइड करने लेने की बात कहने वाला वीडियो सामने आया। इसके बाद से पुलिस युवक की तलाश में जुटी है।
