फर्जी आईडी बनाकर खुद को आईआरएस बताया,25 से ज्यादा सरकारी नौकरी करने वाली युवतियों को फंसाया; गिरफ्तार

जयपुर,डीपी न्यूज नेटवर्क । खुद को आईआरएस अफसर बताकर लड़कियों को फंसाने वाले एक युवक को एनसीबी व जयपुर की विद्याधर नगर थाना पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी खुद को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) का जोनल डायरेक्टर बताकर लड़कियों से चैट करता था।

पकड़ा गया आरोपी सर्वेश कुमावत उज्जैन का रहने वाला है। शनिवार को भी वह जयपुर में एक लड़की से मिलने आया था, लेकिन आरोपी एनसीबी और पुलिस के रडार पर था। अजमेर रोड स्थित एक होटल में पहुंचते ही टीम ने छापा मारकर उसे पकड़ लिया। आरोपी को पकड़ने के बाद पुलिस ने उसका मोबाइल चैक किया तो पता चला कि उसने 25 से ज्यादा लड़कियों का फंसा रखा है। आरोपी सभी लड़कियों को मैसेज के जरिए खुद को आईआरएस अफसर बता रखा था। इनमें ज्यादातार लड़कियां सरकारी कर्मचारी हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी जयपुर की भी 3 लड़कियों को फंसा रखा है और ज्यादातर लड़कियों को अलग-अलग समय जरूरत बताकर लाखों रुपए हड़प चुका है। पुलिस आरोपी के मोबाइल व सोशल मीडिया अकाउंट्स की डिटेल खंगाल रही है। आरोपी सर्वेश कुमावत से विद्याधर नगर थाना पुलिस पूछताछ कर तस्दीक कर रही है।

आरोपी ने 2020 बैच का आईआरएस अफसर बताया

इस संबंध में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एसीबी) की महिला सब इंस्पेक्टर कृतिका गोयल ने विद्याधर नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उनके भाई व सहेली को सर्वेश द्वारा मैसेज भेजने का स्क्रीन शॉट मिला। जिसमें लिखा था कि उसने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जयपुर ऑफिस में जोनल डायरेक्टर के पद पर तबादला हुआ है। आरोपी खुद को वर्ष 2020 बैच का आईआरएस अफसर बता रहा था। जबकि यहां जोनल डायरेक्टर के पद पर आईआरएस घनश्याम सोनी लगे हुए है। ऐसे में एसआई ने विभागीय अफसरों को सूचना दी।

दिल्ली की लड़की को भी भेजा फर्जी लेटर

विभागीय जानकारी में सामने आया कि ये कोई व्यक्ति फर्जी आदेश भेज कर महिलाओं को फंसाने का प्रयास कर रहा है। उसके बाद उन्होंने विद्याधर नगर थाने में रिपोर्ट दी। सूचना के बाद एनसीबी टीम ने आरोपी की डिटेल खंगाली और विद्याधर नगर पुलिस के सहयोग से शनिवार को अजमेर रोड स्थित एक होटल से पकड़ लिया। एनसीबी ने जांच की तो पता चला कि इस नाम का आईआरएस अफसर नहीं है। आरोपी ने लड़की को एक लेटर भेजा, जिसमें जयपुर एनसीबी कार्यालय की सील लगी थी और साइन किए हुए थे। उसके बाद एनसीबी सब इंस्पेक्टर ने विद्याधर नगर थाने में रिपोर्ट दी।

मोबाइल लोकेशन जयपुर की मिलते ही दबोच लिया

रिपोर्ट मिलते ही आरोपी के मोबाइल नंबर ट्रेस किए तो जयपुर आने की लोकेशन मिली। इस पर एनसीबी और पुलिस टीमें होटल पहुंची और दबोच लिया। आरोपी के मोबाइल में उज्जैन की प्राइवेट यूनिवर्सिटी से बीए की डिग्री मिली है। आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट्स की चैट से सामने आया कि वह अब तक 25 से ज्यादा लड़कियों को फंसाकर चैट कर रहा है। इनमें से कई महिलाओं से आपत्तिजनक चैट और कई महिलाओं से लाखों रुपए लेने की जानकारी मिली है। पुलिस उन महिलाओं से संपर्क करने का प्रयास कर रही है, जिनसे आरोपी लगातार चैट कर रहा था।

अकाउंट ब्लॉक होने का झांसा देकर कर रहा था ठगी

लड़कियों से की गई चैट पढ़ी तो सामने आया कि आरोपी ने उनको बताया कि उसका अकाउंट बड़ा ट्रांजेक्शन होने से ब्लॉक हो गया। ऐसे में किसी काम के बहाने अर्जेंट जरूरत बताकर लाखों रुपए हड़प लिए।

एनसीबी सब इंस्पेक्टर की तरफ से मिली रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिक जांच के आधार पर आरोपी को ट्रेस कर डिटेन कर लिया। पूछताछ कर तस्दीक की जा रही हैं, उसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। –राकेश ख्यालिया, एसएचओ, विद्याधर नगर

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!