उदयपुर में गैंगरेप की 10 साल सजा काट कर आए युवक की चाकू घोंपकर हत्या;आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर की आगजनी और तोड़फोड़, आरोपी डिटेन
उदयपुर,डीपी न्यूज नेटवर्क । जिले के फलासिया थाना क्षेत्र में गैंगरेप की सजा काटकर आए एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद मृतक के परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर चढ़ोतरा बोल दिया। यानी हमला कर तोड़फोड़ और पत्थरबाजी कर दी। मामला फलासिया के भामटी गांव का है। थानाधिकारी सीताराम ने बताया कि गैंगरेप मामले में 10 साल की सजा काटने के बाद युवक थावरा चंद भगोरा गांव पहुंचा। दीवाली की रात को वह अपने ननिहाल पहुंचा। जहां मामा से उसका विवाद हो गया। विवाद में हाथापाई हुई और मामा ने थावरा पर चाकू से वार कर दिया। जिससे थावरा की मौत हो गई। मौत के बाद थावरा के परिजन और ग्रामीण मौताणे की मांग पर बैठ गए। मौताणे देने से मना किया तो मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने आरोपी के घर धावा बोलकर तोड़फोड़ और आगजनी कर दी। तनाव का माहौल हो गया। थानाधिकारी ने बताया कि माहौल गर्माता देख तीन थानों का जाब्ता लगाया गया। फिलहाल स्थिति सामान्य है और हत्या के आरोपी को डिटेन कर लिया है।
साथ ही तोड़फोड़ व आगजनी करने वाले करीब 40 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। वीडियो और फोटो के आधार पर शिनाख्त करते हुए पुलिस कार्रवाई में जुटी है। थानाधिकारी ने बताया कि मामले में मौताणा नहीं होने दिया।
