मेनार 26वां अम्बामाताजी पशुमेला परवान पर, ग्रामीण लुफ़्त उठाने उमड़ पड़े, झूले व नाइट कार्यक्रम का ग्रामीणों ने उठाया आनंद, 1 लाख 11 हज़ार रुपये बिकी भैंस मुर्रा नस्ल की

मेनार वाली माताजी थने जातरी बुलावे माताजी थने लाड़ लड़ावे…भजनों पर झूमे श्रोता 

डीपी न्यूज नेटवर्क,वल्लभनगर,कन्हैयालाल मेनारिया । ग्राम पंचायत मेनार द्वारा धण्ड तालाब के सामने हिरोला की छापर में आयोजित 26वें विशाल श्री अम्बामाताजी पशुमेले की रंगत रविवार से परवान पर है। मेले में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। शनिवार, रविवार को मेले में मनिहारी, पशुओं के श्रृंगार, बर्तन आदि की खूब खरीदारी हुई। डॉलर चकरी झूले, मौत का कुआं आदि का ग्रामीण लुत्फ उठा रहे हैं। सरपंच और मेला अधिकारी प्रमोद कुमार नंगारसी, ग्राम विकास अधिकारी प्रभूलाल यादव ने बताया कि मेलार्थियों के मनोरंजन हेतु 5 दिन तक आर्केस्ट्रा नाइट कार्यक्रम व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार रात्रि को मेले ग्राम पंचायत की ओर से भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें श्री अम्बिका म्यूजिकल ग्रुप, मेनार के गायक मनीष मेनारिया द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी तथा दुर्गेश मेवाड़ी झांकी ग्रुप की ओर से हनुमानजी, माताजी, महादेवजी, भेरूजी एवं नाग नागिन की मनमोहक झांकिया प्रस्तुत की गई। जिसमें दर्शकों का हुजूम उमड़ा।

भजन संध्या की शुरुआत गायक भरत द्वारा ॐ गं गणपतये नमो नमः, श्री सिद्धिविनायक नमो नमः, अष्टविनायक नमो नमः, गणपति बप्पा मोरया से गणेशजी, गुरु वंदना के साथ की। ततपश्चात मेनार का उभरता गायक कलाकार मनीष मेनारिया ने कीजो केसरी के लाल मेरा छोटा सा यह काम, मेरी राम जी कह देना जय सियाराम…मेनार वाली माताजी थने जातरी बुलावे माताजी थने लाड़ लड़ावे…वीर हनुमाना अति बलवाना, राम नाम रसियो रे, प्रभु मन बसियो रे भजनों से समा बांध दिया और देर रात श्रोता भजनों पर झूमते नज़र आए। वही दुर्गेश मेवाड़ी झांकी ग्रुप द्वारा हनुमानजी, माताजी, महादेवजी, भेरूजी एवं नाग नागिन की मनमोहक झांकियो से दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। भजन संध्या में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दी। भजन संध्या से पूर्व उपसरपंच मांगीलाल सिंगावत, सचिव प्रभूलाल यादव, सरपंच प्रमोद कुमार, विजयलाल एकलिंगदासोत, अम्बालाल रूपावत, कन्हैयालाल दियावत, प्रेम ठाकरोत, राधेश्याम कानावत, दयाल लुणावत, विक्रम सुथार, हुक्मीचंद सुथार, जीवन दावोत, शंकरलाल मेरावत, नारायणलाल दियावत द्वारा कलाकारों, म्यूजिशियन का स्वागत किया गया। खूंटा पर्ची के नारायण लाल दियावत ने बताया कि मेले में रविवार को लक्ष्मीपुरा के मदन बंजारा की मुर्रा नस्ल (बनी) भैंस 1 लाख 11 हज़ार रुपये में बांसड़ा के मांगीलाल जोशी ने खरीदी।

इधर देर रात्रि तक मेलार्थियों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। साथ ही धनतेरस और दीपावली का पर्व को देखते हुए महिलाओं ने खरीदारी भी की। किसानों ने पशुओं के लिए श्रृंगार सामग्री सहित बेड़े, टोकर, मोरे की खरीदारी की। बच्चों ने ब्रेक डांस, मिकी माउस और सर्कस का आनंद लिया। व्यापारियों व मेलार्थियों की सुरक्षा को लेकर पूरा मेला सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस थाना खेरोदा से एसआई लक्ष्मण सिंह, जवान नितेश, कुलदीप, प्रदीप व पशुपालन विभाग से पशु चिकित्सा अधिकारी मेनार डॉ. सुमन मीणा, दरोली पशु चिकित्सक डॉ. विकास मीणा, नागेंद्र सिंह, सीएचसी मेनार से दीपक मेनारिया 24 घंटे मय टीम तैनात हैं।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!