बाईजी राज की बावड़ी का संरक्षण और गोवंश की सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान
डीपी न्यूज नेटवर्क,मावली,ओमप्रकाश सोनी । नगर के सनातन गौ सेवा संस्थान द्वारा क्षेत्र की सांस्कृतिक और पर्यावरणीय धरोहर को सुरक्षित रखने के लिए एक अनूठी पहल की गई है। संस्थान ने बाईजी राज की ऐतिहासिक बावड़ी का संरक्षण कार्य पूरा करते हुए प्रशासन से अपील की है कि इस धरोहर का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। बावड़ी का नवीनीकरण मावली के इतिहास को सहेजने के साथ-साथ जल संरक्षण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण कदम है। संस्थान के सदस्यों का कहना है कि ऐसे ऐतिहासिक स्थलों का पुनरुद्धार हमारी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए आवश्यक है।
साथ ही मावली में जगह-जगह फैले कचरे और प्लास्टिक की थैलियों के ढेरों की समस्या पर भी संस्थान ने कड़ा रुख अपनाया है। सफाई कर्मियों और नगर पालिका की अनियमितता के चलते सड़कों पर फैले इस कचरे से गौमाता और नंदी महाराज जैसे पशुओं के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। इन थैलियों को गलती से खाकर पशु बीमार हो रहे हैं, जिससे उनकी जान पर बन आई है। इस गंभीर समस्या की ओर नगर पालिका का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से संस्थान के सदस्यों ने स्वयं कचरा एकत्रित कर उसे नष्ट किया। इसके साथ ही, उन्होंने नगर पालिका से नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है ताकि कचरे का फैलाव कम हो और गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
