विवेकानंद केंद्र विद्यालय में धूमधाम से मनाया गया ग्रैंड पैरंट्स डे

ऋषभदेव,डीपी न्यूज नेटवर्क । विवेकानंद केंद्र विद्यालय, ऋषभदेव में आज ग्रैंड पैरंट्स डे का आयोजन अपार उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम प्रधानाचार्य श्रीमती विजय श्री यादव की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अपने दादा-दादी और नाना-नानी के प्रति सम्मान और स्नेह को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसमें सभी दादा-दादी और नाना-नानी ने भाग लिया। इस पावन अवसर पर अतिथियों का स्वागत करने के पश्चात, छात्राओं ने एक आकर्षक शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद विभिन्न खेल गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें दादा-दादीजी ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण था ‘मोबाइल का कम उपयोग’ विषय पर आधारित मूक अभिनय, जिसमें छात्रों ने बिना शब्दों के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया।

इस उत्सव का मुख्य आकर्षण पूजा थाली सजावट प्रतियोगिता रही, जिसमें दादी-नानीजी ने अपनी रचनात्मकता का अद्भुत प्रदर्शन किया। इसके पश्चात, विद्यार्थियों ने संगीतमय रामायण की मनोहारी प्रस्तुति दी, जिसमें भगवान श्री राम और सीता जी के अयोध्या लौटने के दृश्य को मंचित किया गया। जैसे ही भगवान राम का मंच पर आगमन हुआ, पूरा हॉल “जय श्री राम” के नारों से गूंज उठा और दर्शकों ने ‘मेरे घर राम आए हैं’ गीत की मधुरता में खो गए।

अंतिम सत्र में शिक्षिकाएं पूजा सुथार और इन्दुबाला रावल के नेतृत्व में कुछ मजेदार खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें सभी दादा-दादीजी ने खुशी-खुशी भाग लिया और अपने बचपन की यादें ताजा कीं। प्रधानाचार्य विजय श्री यादव ने इस आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में पारिवारिक मूल्यों का विकास होता है और उनके दिलों में अपने बड़ों के प्रति आदर और सम्मान की भावना और भी सुदृढ़ होती है।

यह आयोजन विद्यार्थियों और उनके दादा-दादीजी के बीच एक नई ऊर्जा और स्नेह का संचार करने में सफल रहा, और सभी के मन में इस दिन को एक मधुर स्मृति के रूप में अंकित कर गया। इस अवसर पर दादा दादी और नाना नानी ने भी अपने विचार रखें।

इस भव्य आयोजन का संचालन कक्षा 4 की छात्रा पहल जैन और तीसरी की छात्रा संस्कृति अवस्थी ने किया ।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!