राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय का दो दिवसीय जिला स्तरीय वार्षिक अधिवेशन शिक्षक संघ के निर्माणाधीन भवन में शुरू,50 वर्षों का पुराना स्वयं के भवन में बैठक करने का सपना हुआ साकार
- किसी शिक्षक संगठन का प्रदेश में सबसे बड़ा भवन होने का दावा,दो मंजिला विशाल भवन देखकर शिक्षक हुए गदगद
डीपी न्यूज नेटवर्क,बांसड़ा, कन्हैयालाल मेनारिया । राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय जिला शाखा उदयपुर का दो दिवसीय जिला स्तरीय वार्षिक शिक्षक संघ राष्ट्रीय के सेक्टर 4 टैगोर नगर स्थित निर्माणाधीन भवन में आज शुरू हुआ। शिक्षक संघ राष्ट्रीय के स्वयं के भवन में यह पहला अधिवेशन होने पर जिले एवं प्रदेश के समस्त शिक्षकों के चेहरे पर बहुत खुशी देखने को मिली।
उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता शिक्षक संघ राष्ट्रीय के जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह झाला ने की। मुख्य अतिथि एवं मुख्य वार्ताकार इतिहास संकलन समिति चित्तौड़ प्रांत संगठन मंत्री रमेश शुक्ल थे। विशिष्ट अतिथि संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष अभय सिंह राठौड़, पर्यवेक्षक एवं उदयपुर मंडल उपाध्यक्ष कैलाश सुथार , अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी मुरलीधर चोबीसा, राष्ट्रकवि सिद्धार्थ देवल, डायट प्रिंसिपल चंद्रशेखर जोशी, कुराबड के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दुर्गेश मेनारिया, गिरवा ब्लॉक के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कुंज बिहारी भारद्वाज, समग्र शिक्षा के अतिरिक्त परियोजना अधिकारी वीरेंद्र सिंह यादव, जिला साक्षरता अधिकारी महिपाल सिंह राठौड़ , राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय की प्रदेश महिला मंत्री उमा रांका,सभाध्यक्ष गोपाल शर्मा,राजेंद्र सिंह सारंगदेवोत, प्रकाश वया आदि थे।
अधिवेशन का शुभारंभ सामूहिक वंदे मातरम गायन से हुआ। अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलंकर पूजा अर्चना के बाद कार्यक्रम में राज्य स्तरीय शिक्षक क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अध्यापक प्रेम शंकर सालवी एवं टीम द्वारा ईश वंदना एवं देशभक्ति गीतों की सुंदर प्रस्तुति वाद्ययंत्र से दी गई। जिला कार्यकारिणी द्वारा समस्त अतिथियों का तिलक पाग,ऊपरना, स्मृति चिन्ह द्वारा स्वागत अभिनंदन किया गया। राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह झाला ने सभी अतिथियों का स्वागत उद्बोधन से स्वागत करते हुए कहा की गत वर्ष के अधिवेशन में किए गए वादे एवं लक्ष्य के मुताबिक जिला कार्यकारिणी एवं सभी के सहयोग से इस साल का अधिवेशन संगठन के स्वयं के भवन के छत तले करवा कर जिला कार्यकारिणी ने अपना लक्ष्य एवं वायदा निभा दिया है । उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि यह भवन संगठन के उन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को समर्पित है जिन्होंने दूर दृष्टि रखते हुए 50 वर्ष पूर्व इस पॉश लोकेशन पर इतना बड़ा भूखंड संगठन के लिए आवंटित करवाया और पांच दशक तक इसे संरक्षित किया । इतने लंबे काल में संगठन की सदस्यता से जो राशि प्राप्त हुई उसे मितव्ययिता से खर्च करते हुए संरक्षित रखा उसी की बदौलत आज यह भवन निर्माण का कार्य शुरू किया जा सका । उन्होंने सभी स्वेच्छा से भवन निर्माण में सहयोग करने वाले जिले के समस्त अध्यापक भामाशाहों का एवं प्रदेश कार्य समिति का आभार प्रकट किया। झाला ने कहा कि सदस्यता के मामले में उदयपुर जिला राजस्थान में 11549 की सदस्यता के साथ प्रथम स्थान पर है वहीं जिले में सर्वाधिक सदस्यता 1502 की गिरवा उप शाखा की है जिला मीडिया प्रभारी गोपाल मेहता मेनारिया ने बताया कि
मुख्य वार्ताकार रमेश शुक्ल ने हमारी संस्कृति हमारा गौरव विषय पर अपने उद्बोधन में कहा कि किसी देश की संस्कृति समाप्त हो जाए तो वह राष्ट्र समाप्त हो जाता है । वर्तमान युग वैचारिक संघर्ष का युग है जिससे लड़ने में शिक्षकों की अहम भूमिका है भारत देश की मूल पहचान व भारत की आत्मा धर्म है क्योंकि इतिहास गवाह है कि जब-जब भी धर्म की हानि होती है तभी भगवान द्वारा अवतार लेकर धर्म की रक्षा की जाती है । पिछले कई वर्षों के भारत के धर्म रक्षा के संघर्ष काल को गुलामी का काल पढ़ाकर हमारे मन में गलत धारणा भर दी गई है ताकि हमारे मन में हमारे ही धर्म व संस्कृति के प्रति गौरव के भाव समाप्त हो जाए । यदि शिक्षा समाज और परिवार सजग होकर आदर्श प्रस्तुत करें तो गलत धारणाओ से बाहर आकर हम और आने वाली पीढ़ी पुनः देश की संस्कृति पर गौरव महसूस कर सकते हैं। जितना अधिक नुकसान दर्जनों की सक्रियता से नहीं हुआ उतना अधिक सज्जनों की निष्क्रियता से हुआ है । बाहरी आक्रांताओं द्वारा गड़े गए समस्त नरेटिव असत्य पर आधारित थे।
जबकि अब हमें सत्य को साथ लेकर गलत नरेटिव का पुरजोर विरोध शुरू कर देना चाहिए, आने वाले कुछ वर्षों में हमें सफलता मिल जाएगी। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री वगत लाल शर्मा ने किया ।अपने संबोधन में जिला साक्षरता अधिकारी महिपाल सिंह राठौड़ ने कहा कि भारत ही नहीं पूरे विश्व में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को बड़ी ही आशा की निगाह से देखा जा रहा है दुनिया में वही समावेशी विचारधारा के बूते सबको साथ लेकर चलने की क्षमता रखता है।
विशिष्ट अतिथि मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कुराबड दुर्गेश मेनारिया ने कहा की इस संगठन की सबसे अच्छी बात यह है कि यह राष्ट्र सेवा को केंद्र में रखकर कार्य करता है उन्होंने शिक्षा विभाग में चल रही विभिन्न योजनाओं के बारे में बताते हुए कहा की शिक्षा विभाग का जो मूल कार्य व नामांकन भी प्रभावित है शिक्षा विभाग मात्र योजनाओं के क्रियान्वन का विभाग ही न रह जाए इस पर मंथन की सख्त आवश्यकता है।
राष्ट्रकवि सिद्धार्थ देवल ने अपनी ओजस्वी वीर रस एवं देश प्रेम की कविताएं प्रस्तुत करके सभी को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।
कक्षा एक की गौरवी जैन ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज में परिवर्तन आ रहे हैं और समाज शिक्षक वर्ग की ओर देख रहा है हमें पूरी वफादारी और प्रतिबद्धता के साथ हमारे कर्तव्यों का निर्वहन करना है। शैक्षणिक व सह शैक्षणिक क्षेत्र में उदयपुर जिला श्रेष्ठ पायदान पर हैं जो सभी शिक्षकों की मेहनत का प्रतिफल है। संगठन के नव निर्माणधीन विशाल भवन में अधिवेशन करवाने पर उन्होंने संगठन के पुराने एवं वर्तमान शिक्षकों को बधाई दी।
जिला अधिवेशन में जिला कार्यकारिणी की ओर से अतिथियों के हाथों भवन के लिए सहयोग राशि प्रदान करने वाले शिक्षकों का सम्मान किया गया।
पर्यवेक्षक कैलाश सुथार ने कहा की राजस्थान में शिक्षकों का सबसे बड़ा संगठन राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय है जिसकी सदस्य संख्या इस वर्ष 2,30,000 हो चुकी है उन्होंने कहा की हमारा संगठन इस नीति पर काम करता है जिस काम को करने से भारत माता की जय होती हो । उन्होंने सामाजिक समरसता के उदाहरण को प्रस्तुत करते हुए अनेक लोक देवताओं का जिक्र किया जिन्होंने गरीब, वंचित ,पीड़ित एवं दुखी जनता के दुखों का निवारण करने में अपना पूरा जीवन लगा दिया। उन्होंने विकसित भारत में शिक्षकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। सुथार ने शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का जिक्र करते हुए बताया कि अनेक समस्याओं का समाधान किया जा चुका है लेकिन पुरानी पेंशन को यथावत रखना, लंबित पदोन्नतियां कर प्रतिवर्ष पदोन्नति करना, तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण, केंद्र के समान छठे व सातवें वेतन आयोग को लागू करना ,जो जानकारी शाला दर्पण पर उपलब्ध हो उन्हें ऑफलाइन नहीं मांगे जाना, उच्च प्राथमिक स्कूलों में शारीरिक शिक्षकों के पदस्थापन हेतु नामांकन की बाध्यता समाप्त किया जाना, कंप्यूटर अनुदेशकों को कंप्यूटर शिक्षक पदनाम दिया जाना , संविदा कर्मियों की भर्ती नहीं किया जाना, विद्यालय मरम्मत की राशि प्रतिवर्ष दी जाना जैसे मांगे के बारे में जानकारी दी।
प्रदेश उपाध्यक्ष अभय सिंह राठौड़ ने उदयपुर में बने शिक्षक संगठन के विशाल दो मंजिला भवन का लक्ष्य पूरा करने के लिए जिला कार्यकारिणी को बधाई प्रेषित की जिला मंत्री वगत लाल शर्मा को गत दिनों सेवानिवृत होने पर अधिवेशन में स्वागत के साथ ही अभिनंदन पत्र भेंट किया गया। अभिनंदन पत्र का वाचन अतिरिक्त जिला मंत्री हेमंत मेनारिया ने किया। अंत में सभाध्यक्ष गोपाल शर्मा द्वारा घन्यवाद ज्ञापित किया गया।
पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर परसाई के आकस्मिक निधन पर पूरे प्रदेश की ओर से शोक व्यक्त करते हुए दो मिनिट का मोन रखकर श्रद्धांजलि दी गई । कल शनिवार को प्रातः 9:00 बजे खुला मंच कार्यक्रम के तहत शिक्षक अपनी विभिन्न समस्याओं को रखेंगे उसके बाद जिला कार्यकारिणी के चुनाव संपन्न करवाए जाएंगे।
