उदयपुर में वन विभाग की कैद से भागा लेपर्ड, कल दोपहर लखावली में पिंजरे में कैद हुआ था लेपर्ड
उदयपुर, डीपी न्यूज नेटवर्क । शहर से सटे लखावली इलाके की पहाड़ी पर पिंजरे में कैद हुआ लेपर्ड भाग गया है। उसे वन विभाग की टीम सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क लेकर गई थी। वन विभाग के कर्मचारियों को इसकी जानकारी सुबह करीब 8 बजे हुई। अब फिर से उसकी खोज शुरू हो गई है।
लखावली इलाके की पहाड़ी पर लेपर्ड के मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग ने पिंजरा लगाया था। सोमवार दोपहर बाद एक लेपर्ड इस पिंजरे में आकर कैद हो गया। शाम करीब 4 बजे तेंदुए के गुर्राने की आवाज आई तो गांव वाले पहाड़ी पर गए। वहां पिंजरे में तेंदुआ कैद हो चुका था। इसकी सूचना फौरन वन विभाग को दी गई थी। बरोड़िया वन नाके से वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तब तक उदयपुर से भी टीम पहुंच गई थी। शाम को टीम लेपर्ड को उदयपुर के सज्जनगढ़ बायोलोजिकल पार्क ले गई थी।
सूत्रों का कहना है कि वन विभाग के कर्मचारियों ने रात के 11 बजे तक लेपर्ड को पिंजरे में देखा था। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे कर्मचारी पहुंचे तो पिंजरे में लेपर्ड नहीं दिखा। बताया जा रहा है कि पिंजरा पूरी तरह से लॉक था। किनारे से प्लेट को तोड़कर लेपर्ड भाग गया है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी ली।
Source : DB
