सलूंबर में 13 नवंबर को मतदान, मतगणना 23 नवंबर को उदयपुर में होगी

सलूंबर,डीपी न्यूज नेटवर्क । राजस्थान की सात विधानसभा सीट के उप चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। इसमें सलूंबर जिले की सलूंबर विधानसभा सीट पर भी उप चुनाव होना है। यहां उप चुनाव के लिए मतदान 13 नवंबर को होगा और मतगणना 23 नवंबर को होगी। चुनाव की तारीख घोषित होते ही सलूंबर विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। अब वहां कोई सरकारी घोषणाएं और योजनाओं की घोषणा नहीं होगी और तबादले बिना चुनाव आयोग की स्वीकृति के नहीं होंगे।

बता दें कि यहां पर भाजपा विधायक अमृतलाल मीणा के 8 अगस्त 2024 को निधन के बाद से यह सीट रिक्त हो गई और आज चुनाव आयोग ने नई दिल्ली में उप चुनाव की घोषणा की। इधर निर्वाचन विभाग ने सलूंबर में उप चुनाव को लेकर तैयारियां कर ली है। जिला प्रशासन ने राज्य निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार पहले ही तैयारियां कर ली है।

उदयपुर के उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्रसिंह राठौड़ ने बताया कि सलूम्बर उपचुनाव के लिए कुल 2 लाख 97 हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। इसमें 151394 पुरूष तथा 146251 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को लेकर नामांकन की अंतिम तिथि से 10 दिन पूर्व तक प्राप्त आवेदनों का निस्तारण किया जा सकेगा। मतगणना उदयपुर जिला मुख्यालय पर होगी। राठौड़ ने बताया कि उप चुनाव को लेकर सलूम्बर राजस्व जिला सीमा में आदर्श आचार संहिता की पालना को लेकर टीमें सक्रिय हो गई हैं। आचार संहिता लागू होने के 24 घंटे दरम्यान सभी राजकीय कार्यालय परिसरों से जनप्रतिनिधियों के फोटो तथा सरकार की योजनाओं से जुड़े पोस्टर, होर्डिंग्स, बैनर हटवाए जा रहे हैं। इसके लिए निगरानी दल स्थानीय प्रशासन के सहयोग से काम में जुट गए हैं। 48 घंटों के दरम्यान सार्वजनिक स्थलों यथा बस स्टैंड आदि से होर्डिंग्स वगैरा हटवाए जाएंगे। वहीं 72 घंटे के भीतर निजी स्थलों से होर्डिंग्स आदि हटवा कर चुनाव आयोग को रिपोर्ट प्रेषित की जाएगी।

 

 

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!