सांवलिया सेठ को एक भक्त ने भेट किया चांदी का हेलीकॉप्टर तो दूसरे भक्त ने चढ़ाई 3.70kg की अनोखी चांदी की पोशाक
उदयपुर,डीपी न्यूज नेटवर्क । मेवाड़ के आराध्य देव श्री सांवलिया सेठ को सोमवार को एक भक्त ने 3 किलो 700 ग्राम चांदी से बनी पोशाक भेंट में चढ़ाई है। इस पोशाक पर सोने की पॉलिश और मीनाकारी वर्क भी किया गया है। मध्य प्रदेश में नीमच के रहने वाले इस भक्त ने बिजनेस अच्छा चलने पर अपनी इनकम से सांवरा सेठ को यह भेंट चढ़ाई है। हालांकि भक्त ने अपना नाम गुप्त रखा है।
इधर, दो दिन पहले चित्तौड़गढ़ के रहने वाले एक भक्त ने पत्नी के जन्मदिन पर सांवलिया सेठ को चांदी से बना हेलिकॉप्टर भेंट किया था। इस हेलिकॉप्टर की बनावट लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रही।
दरअसल, चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया स्थित श्री सांवलिया सेठ मंदिर में राजस्थान से ही नहीं बल्कि गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से भी लाखों की तादाद में लोग आते हैं। मन्नत पूरी होने पर भक्त सांवलिया सेठ को कुछ न कुछ भेंट चढ़ाते हैं।
चांदी की पोशाक भेंट करने वाले भक्त ने बताया- मेरा अनाज का बिजनेस है। सांवरा सेठ की कृपा से बिजनेस काफी अच्छा चल रहा है। अच्छा प्रॉफिट होने के कारण मैंने सांवरा सेठ के लिए पोशाक बनवाने का फैसला किया था। चांदी पर सोने की पॉलिश वाला चोला, कवच, कुंडल, पंख, चक्र, पादुका और मुकुट बनवाया। इसमें कुल 3 किलो 700 ग्राम चांदी यूज की गई है। इसके ऊपर नगीनों के साथ मीनाकारी वर्क भी किया गया।
हेलिकॉप्टर के लिए हेलीपैड भी बनवाया
दो दिन पहले 12 अक्टूबर को चित्तौड़गढ़ के रहने वाले भक्त प्रवीण लड्ढा ने पत्नी स्वीटी के जन्मदिन पर सांवरा सेठ को 400 ग्राम चांदी से बना हेलिकॉप्टर भेंट किया था। अपनी बनावट के कारण यह हेलिकॉप्टर श्रद्धालुओं में आकर्षण का केंद्र रहा।
हेलिकॉप्टर के केबिन में भगवान सांवलिया सेठ की छवि को भी विराजमान किया है। हेलिकॉप्टर को रखने के लिए हेलीपैड भी बनवाया है और कांच के बॉक्स में रखने की व्यवस्था की है, ताकि यह लंबे समय तक सुरक्षित रह सके। हेलिकॉप्टर हरीश सोनी के निर्देशन में बनाया गया और इसे बनाने में 20 दिन का समय लगा। हेलिकॉप्टर में महीन कारीगरी की गई है, जिससे इसके पंखे और पहिए हाथ से घूमते हैं।
गौरतलब है कि सांवलिया सेठ का भंडार हर महीने की चतुर्दशी पर खोला जाता है, जिसमें करीब 18 से 19 करोड़ रुपए का चढ़ावा प्राप्त होता है।
