राजसमंद में 2 लडको की पिटाई के बाद तनाव : प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया ; 5 थानो की पुलिस पहुंची

राजसमंद,डीपी न्यूज नेटवर्क । राजसमंद के राजनगर इलाके में गुरुवार रात 8.30 बजे एक मोहल्ले के 4 युवकों ने दो लड़कों की पिटाई कर दी। इसके बाद माहौल गरमा गया। दोनों लड़कों को हल्की चोटें आई थी। इस घटना से नाराज स्थानीय लोग रात में सड़कों पर उतर आए और वाहनों में तोड़-फोड़ कर दी। इसके बाद राजनगर थाना समेत 5 थानों की पुलिस ने माहौल शांत कराया। शुक्रवार सुबह भी कई संगठनों के लोग सड़क पर उतर आए और सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। राजसमंद एसपी मनीष त्रिपाठी ने बताया- कल रात 8.15 बजे राजनगर के यादव मोहल्ला निवासी राहुल पुत्र नंद किशोर और कृष्णा पुत्र विक्रम घर से कुछ दूर मामू भाणेज रोड पर चबूतरे पर बैठे थे। वे इंस्टाग्राम पर भजन सुन रहे थे। इस दौरान 8.30 बजे नजदीकी मोहल्ले से 4 लड़के लाठी-डंडे लेकर आए और दोनों से मारपीट की। दरअसल, कुछ दिन पहले एक आयोजन के दौरान आरोपी युवकों में से एक ने राहुल पर थूक दिया था। इसके बाद हंगामा हो गया था। राहुल की ओर से थाने में शिकायत की गई। पुलिस ने शांतिभंग में कुछ आरोपियों को पकड़कर छोड़ दिया था। इसके बाद से आरोपी पक्ष ने रंजिश पाल ली थी। उस घटना को लेकर पीड़ित पक्ष के लोग भी आक्रोशित थे। गुरुवार रात राहुल समेत दो लड़कों की पिटाई से मामला बढ़ गया। रात 9.30 बजे दोनों लड़कों को आरके हॉस्पिटल ले जाया गया। उन्हें हल्की चोट थी। रात 10 बजे लोग सड़कों पर उतर आए और ठोकार इलाके में कुछ वाहनों के शीशे फोड़ दिए। लोग नारेबाजी करने लगे।

राजनगर थाना घटनास्थल से 400 मीटर की दूरी पर था। ऐसे में पुलिस पहुंची और भीड़ को तितर-बितर कर दिया। रात 11 बजे माहौल अशांत होने के कारण 5 थानों (राजनगर, कांकरोली, केलवा, नाथद्वारा, कुंवारिया) की पुलिस भी आ गई और राजनगर में लोगों को भीड़ जुटाने से रोका। रात भर पुलिस ने राजनगर के बाजारों में गश्त की।

देर रात डीएसपी विवेक सिंह ने विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों को आश्वासन दिया कि आरोपी चारों लड़कों को पकड़ लिया जाएगा। घटनाक्रम रात 12 बजे तक चला।

आज थाना घेरकर किया हनुमान चालीसा का पाठ

इस घटना के बाद शुक्रवार सुबह 7 बजे से ही कुछ संगठनों से जुड़े लोग राजनगर थाने के बाहर जुट गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी की। सुबह 9 बजे से लोगों ने थाने के बाहर सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ करना शुरू कर दिया। एसपी मनीष त्रिपाठी ने कहा कि पुलिस को 3 दिन का समय दीजिए। सभी चारों आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार करेगी। मेरी अपील है कि सोशल मीडिया से अफवाह न फैलाएं। जो ऐसा करेगा उसके खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। कुछ लोग जान बूझकर अफवाह फैलाते हैं। लोग शांति बनाए रखें। हम कानून व्यवस्था कायम करने के लिए समझौता नहीं करेंगे। लोगों ने हमें कई तरह की शिकायतें की हैं। ये कई विभागों से जुड़ी हैं।आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हमने टीमें बनाई हैं। इलाके में गश्त भी बढ़ाएंगे। लोग शांति और सौहार्द्र बनाए रखें। अभी 4 आरोपी नामजद हैं। इनकी संख्या बढ़ भी सकती है। आज पीड़ितों का मेडिकल कराकर अन्य धाराएं भी जोड़ेंगे। पीड़ित युवक राहुल मूर्ति बनाने का काम करता है। इसके अलावा वह मैकेनिक का काम भी करता है। राहुल के माता पिता नहीं हैं। वह अपनी ताई के साथ रहता है। ताऊ का भी निधन हो चुका है। जबकि कृष्णा अपने पिता के साथ मजदूरी पर जाता है।

नगर पालिका आयुक्त ने जारी किया मकान गिराने का नोटिस

घटना के बाद शुक्रवार को नगर पालिका आयुक्त बृजेश राय की ओर से आरोपी दो सगे भाइयों के मकान पर नोटिस चिपकाया गया है। इसमें लिखा है- आपके जर्जर मकान को हटाने के संबंध में नोटिस जारी किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार सिलावट वाड़ी के मेन रोड पर स्थित आपका यह मकान जर्जर है। यह कभी भी गिर सकता है। इससे जनहानि की आशंका है। इसलिए नोटिस मिलने के बाद 3 दिन में मकान ध्वस्त कर पालना रिपोर्ट पेश करें। ऐसा नहीं किया गया तो नगर पालिका अधिनियम 2009 की धारा 243 (1,2,3) के तहत कार्रवाई की जाएगी।

सुबह बंद रहीं दुकानें, अब खुलने लगा बाजार

घटना के विरोध में शुक्रवार को सुबह 11 बजे तक लोगों ने आंशिक रूप से दुकानें बंद रखीं। दोपहर 12 बजे तक दुकानें खुलने लगी थीं।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!