इंटाली में 68वी जिला स्तरीय छात्रा खो-खो प्रतियोगिता का हुआ समापन, 19 व 17 वर्षीय में इंटाली विजेता व 14 वर्ष में चायला खेड़ा विजेता, चायला खेड़ा लगातार जिला स्तर पर पांचवी बार विजेता
- 17 व 19 वर्षीय में जायरा टीम उपविजेता व 14 वर्षीय में सुखबावड़ी रही उपविजेता
- विजेता, उपविजेता टीमों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी व पुरुस्कार प्रदान किए गए
डीपी न्यूज नेटवर्क,बांसडा,कन्हैयालाल मेनारिया । जिले की ग्राम पंचायत इंटाली के श्री निरजंननाथ आचार्य राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय इंटाली में 68वीं जिला स्तरीय 14, 17 व 19 वर्षीय छात्रा वर्ग खो-खो प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन समारोह आयोजित हुआ। जिसमे मुख्य अतिथि मावली विधायक पुष्करलाल डांगी ने कार्यक्रम में शिरकत की। वही अध्ययता ग्राम पंचायत इंटाली सरपंच अनु भरत मेनारिया ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मावली प्रधान नरेंद्र कुमार चंडालिया, पंचायत समिति सदस्य अम्बा बाई, सहकारी समिति इंटाली अध्यक्ष ओंकारलाल हाडोतिया, पसस. भीम सिंह चुंडावत, एसीबीओ वल्लभनगर गोपाललाल मेनारिया, संपत रजक मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का मोटडा, तिलक एवं उपरणा पहनाकर स्वागत किया गया। संस्था प्रधान मनोज कुमार समदानी द्वारा स्वागत उद्बोधन दिया गया। कार्यक्रम का संचालन रामेश्वर लाल जणवा ने किया। विधायक डांगी ने संबोधित करते हुए ग्रामीणों की मांग पर अगोरिया रोड़ की घोषणा की।
केंद्राध्यक्ष मनोज कुमार समदानी ने बताया कि समापन समारोह के कार्यक्रम में छात्राओ ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। चार दिवसीय प्रतियोगिता में छात्राओं के लिए भोजन, आवास एवं अल्पाहार की व्यवस्था करने वाले ग्रामीण एवं भामाशाहों का सम्मान किया गया। प्रतियोगिता के खेल सचिव हुक्मीचंद मेनारिया, मुख्य निर्णायक राधाकृष्ण मेनारिया, 19 वर्षीय वर्ग में संयोजक मोहनलाल मीणा, सह संयोजक चंद्रशेखर मेनारिया, 17 वर्ष में संयोजक गिरिराज मेनारिया, 14 वर्ष में हुक्मीचंद मेनारिया, पर्यवेक्षक 19 वर्ष में जालम सिंह सारंगदेवोत, 17 वर्ष में मीठालाल लोहार एवं 14 वर्ष में मोहनलाल स्वर्णकार, सहसंयोजक हीरालाल सुथार थे।
यह रहा प्रतियोगिता का परिणाम
खेल सचिव हुक्मीचंद मेनारिया ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 19 वर्षीय में इंटाली विजेता और जायरा उपविजेता रही तथा 14 वर्षीय में चायला खेड़ा लगातार पांचवी बार विजेता और सुखबावड़ी उपविजेता रही तथा 17 वर्षीय में इंटाली लगातार चौथी बार विजेता एवं जायरा उपविजेता रही। इस प्रतियोगिता में तीनों ही फॉर्मेट में मेजबान टीमें विजेता रही। प्रतियोगिता में 14 वर्ष में बेस्ट रनर व प्लेयर खुशी जणवा, बेस्ट चेंजर भावना लोहार, 17 वर्ष में बेस्ट रनर कृष्णा जणवा, बेस्ट चेंजर लता जणवा, 19 वर्ष में बेस्ट रनर किरण जणवा, बेस्ट चेंजर कोमल जणवा रही। साथ ही इसी वर्ष जिला स्तर कबड्डी में रही राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय इंटाली टीम का भी सम्मान किया गया। जीत से ग्रामीणों में खुशी की लहर है तथा ग्रामीणों ने सभी विजेता छात्राओं का भव्य स्वागत कर विजय जुलूस निकाला।
इस चार दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान शिक्षा विभाग के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शारीरिक शिक्षकों द्वारा अथक प्रयास करके प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया। इस अवसर पर इंटाली के समस्त ग्राम वासियों द्वारा सभी का धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया गया। प्रतियोगिता के दौरान ग्रामीण व भामाशाह लालूराम भारती, भेरुलाल गहलोत, तुलसीराम जणवा, ग्राम पंचायत इंटाली सरपंच अनु भरत मेनारिया द्वारा बालिकाओं के ठहरने एवं खाने-पीने सहित अन्य व्यवस्थाएं की गई।
