उदयपुर में प्रॉपर्टी कारोबारी का अपहरण : मारपीट कर ट्रैक्टर से घसीटा,30 लाख की फिरौती मांगी,2 आरोपी गिरफ्तार,3 फरार
डीपी न्यूज नेटवर्क,उदयपुर । शहर के सापेटिया इलाके से दो दिन पहले प्रॉपर्टी व्यवसायी का अपहरण हुआ और 30 लाख रुपए की फिरौती मांगी। व्यापारी को रामा गांव के फार्म हाउस में बंधक बनाकर रखा गया। यहां उससे मारपीट की गई और ट्रैक्टर के पीछे बांधकर घसीटा गया। पुलिस आने की भनक लगने पर आरोपियों ने शनिवार को कारोबारी को कार में बैठाया और गीतांजली हॉस्पिटल के बाहर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दो आरोपियों लखावली निवासी करण सिंह राठौड़ और रामा निवासी लक्ष्मी लाल डांगी को को गिरफ्तार किया है, जबकि 3 फरार हैं। सुखेर थानाधिकारी हिमांशु सिंह ने बताया कि लखावली निवासी मोहन सेन ने 12 सितंबर को रिपोर्ट दी थी कि उनके बड़े भाई सुरेश प्रॉपर्टी का काम करते हैं। वे 11 सितंबर को दोस्त श्रवण सिंह राठौड़ के साथ काम पर निकले थे। देर रात तक नहीं लौटे। अगली सुबह भतीजे के मोबाइल पर उनका मैसेज आया। इसमें पैसे की मांग की गई।
कारोबारी से आरोपी 30 लाख रुपए मांग रहे थे। अपहरण के बाद वे उन्हें रामा गांव स्थित साथी नागेंद्र सिंह झाला के फार्म हाउस पर ले गए। यहां मवेशियों के बाड़े में बंधक बनाकर मारपीट की। फिर ट्रैक्टर के पीछे बांधकर घसीटा। रात भर अलग-अलग तरीके से टॉर्चर किया। फरार नरेश डांगी, नागेंद्र सिंह और अनिल मीणा की तलाश जारी है।
