विवेकानंद केंद्र विद्यालय, ऋषभदेव में हिंदी दिवस एवं हिंदी सप्ताह समापन समारोह
डीपी न्यूज नेटवर्क,ऋषभदेव,शुभम जैन । स्थानीय विवेकानंद केंद्र विद्यालय के विवेकानंद सभागार में हिंदी दिवस, अनंत चतुर्दशी, ओणम और हिंदी सप्ताह के समापन के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कई रोचक गतिविधियाँ एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें कहानी प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रही।
कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा 11वीं के छात्र मनोरंजन चौबे द्वारा हिंदी दिवस के महत्व पर विचार प्रस्तुत करते हुए हुई। इसके पश्चात, गुंजन कुमारी ने अनंत चतुर्दशी और ओणम पर्व पर विचार रखे। कक्षा 6 के छात्र हनीश कलाल ने हिंदी भाषा के महत्व पर एक प्रेरणादायक कविता का पाठ किया, जिसने सभी का मन मोह लिया।
कहानी प्रतियोगिता का विषय “महाराणा प्रताप: वीरगाथाकाल और वीरता” था। इस प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में जांसी जैन और जूनियर वर्ग में निष्ठा लौहार ने उत्कृष्ट प्रस्तुति दी । शिक्षिका हर्षा व्यास ने प्रतियोगिता के नियमों और कहानी के महत्व को विस्तार से समझाया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य, श्रीमती विजय श्री यादव ने सभी शिक्षकों और छात्रों को हिंदी दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। हिंदी शिक्षक भगवती लाल तेली ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा, “हिंदी दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि अपनी मातृभाषा हिंदी के प्रति प्रेम और गर्व प्रकट करने का अवसर है। हिंदी हमारी सांस्कृतिक धरोहर और पहचान का हिस्सा है। यह हमें एकजुट करती है और हमारी सभ्यता को आगे बढ़ाने में मदद करती है। हमें हिंदी को न केवल भाषा के रूप में बल्कि एक सांस्कृतिक धरोहर के रूप में संजोकर रखना चाहिए।”
संगीत शिक्षक नवीन व्यास ने हिंदी की मधुरता और उसकी सांस्कृतिक महत्ता पर अपने विचार साझा करते हुए कहा, “हिंदी भाषा हमारी भावनाओं और संस्कृति की सजीव अभिव्यक्ति है। हिंदी में वो मिठास और सरलता है, जो हमारे दिलों को छूती है और हमारी पहचान को सजीव बनाए रखती है।”
इस समर्पित आयोजन का संचालन चर्या जैन ने किया, और कार्यक्रम से संबंधित जानकारी अचला बोहरा ने प्रदान की।
