गणेशोत्सव : मेनार पिपली चौक चल रही तीन दिवसीय नरसीजी का मायरा कथा का हुआ समापन, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

विकाजी मेहता चौक में आज शनिवार को एक शाम गणपति बप्पा के नाम भव्य भजन संध्या का होगा आयोजन

बांसडा,कन्हैयालाल मेनारिया । उपखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवो में स्थापित गणपति प्रतिमाओं के स्थानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। गणेशोत्सव को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। क्षेत्र के वल्लभनगर, मेनार, रुंडेड़ा, खरसान, भटेवर, नवानिया, धमानिया, तारावट, खोखरवास, विजयपुरा, इंटाली में बालक-बालिकाओं की विभिन्न प्रतियोगिताएं व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे है। गणपति प्रतिमाओं के लिए सजे पांडालों में सुबह-शाम आरती में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। वही कई स्थानों पर गणपति जी विसर्जन शोभायात्रा निकाली जा रही है और विधि विधान से पूजा अर्चना कर गाजे बाजे व धूमधाम से विसर्जन किया जा रहा है। मेनार में गणपति मित्र मंडल, पिपली चौक के तत्वावधान में मंगलवार से शुरू हुई कथा वाचक पूजा मेनारिया के मुखारबिंद से तीन दिवसीय नरसीजी का मायरा कथा का समापन गुरुवार देर रात्रि हुआ। मायरा में मनोहारी झांकिया सजाई गई। आरती की गई।

कथावाचक पूजा मेनारिया ने अंतिम दिन कथा में भजनों की प्रस्तुतियो से श्रोताओं को भाव विभोर कर दिया। कथा के दौरान कथावाचक ने द्वारका सु कृष्ण पधारिया, राधा रुक्मण लाया ये, सोना चांदी रो रथ जुतवायो, बैल सवायो ये, बीरो थारो आयो ये, चाल चाल मारी नानी बाई, कलश बदाओ ये चौपाइयों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने राधे-कृष्णा, राधे-कृष्णा के संकीर्तन से पांडाल को गुंजायमान कर दिया। इस दौरान महिलाओं ने मायरा में साड़ियां व राशि भी भेंट की।

मायरे में कथावाचक पूजा मेनारिया ने भक्त नरसी मेहता और नानी बाई के बारे श्री कृष्ण ने किस प्रकार से भक्त नरसी की लाज रखी और नानी बाई के 56 करोड़ का मायरा भरा गया का संगीतमय वर्णन किया। कथा मे मेनारिया ने कहा कि भगवान कृष्ण का लोकप्रिय मनुष्य रूप है, कृष्ण के लोक और शास्त्र में बालक, योद्धा, प्रेमी, परमेश्वर, मुक्तिदाता आदि कई रूप मिलते हैं, लेकिन उनके इस रूप से ग्रामीण जनसाधाराण का अपनापा सबसे अधिक है। यह कृष्ण का ऐसा रूप है, जो मानवीय संबंधों में इस तरह गुँथा-बँधा हुआ है कि यह लोक को अपना घर-परिवारी और कुटुम्बी लगता है। ऐसे में भक्त नरसीजी ने भगवान को याद किया। उनकी पुकार सुनकर भगवान श्रीकृष्ण राधा रूकमणी को साथ लेकर आए और 56 करोड़ का मायरा भरा। उन्होंने कहा कि नरसी भक्त के पास भगवान के भजन एवं भगवान के प्रति अगाध श्रद्धा का ही परिणाम रहा कि भगवान स्वयं राधा रूकमण सहित आए और मायरा भरा।

इसके साथ ही कालिका माता नवयुवक मंडल, नीम का चौक, बजरंग दल वीकाजी मेहता चौक, आमलिया बावजी, जवाहर नगर, महादेव मंदिर, पिपलिया चौक, गणेशजी मंदिर में प्रतिदिन विविध रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम व गरबा का आयोजन हो रहे है। बजरंग दल वीकाजी मेहता चौक में आज शनिवार को एक शाम गणपति बप्पा के नाम भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा। जिसमें भजन गायक कलाकार भरत जोशी, रमेश जाट, सह गायक लोकेश काटा भजनों की प्रस्तुतियां देंगे तथा गोपाल गाडरी एंड पार्टी द्वारा माताजी, भेरूजी, महादेवजी, गणेशजी, बजरंग बली एवं राधा कृष्ण की मनमोहक झांकिया प्रस्तुत की जाएगी।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!