घर छोड़ने के बहाने बाइक पर बैठा कर ले गए,18 km दूर ले जाकर चाकू की नोक पर बंधक बनाया,2 महीने तक रेप
डीपी न्यूज नेटवर्क । बांसवाड़ा के घाटोल थाना इलाके में लड़की को घर छोड़ने के बहाने दो आरोपी बाइक पर बैठाकर ले गए। बाद में चाकू की नोक पर किडनैप कर 18 किमी दूर ले गए और बंधक बनाकर कर रेप किया। पीड़िता ने एक नाबालिग समेत 2 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट में बताया- 2 जून 2024 को मैं घाटोल आई हुई थी। वापस गांव जाने के लिए बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थी। शाम 4.15 बजे नाबालिग समेत 2 आरोपी बाइक पर मेरे पास आए।
उन्होंने पूछा- कहां जा रही हो। मैंने घर जाने की बात कही तो आरोपियों ने कहा- हम भी वहीं जा रहे हैं, तुझे छोड़ देंगे। मैं उन्हें पहले से जानती थी इसलिए विश्वास में आकर उनके साथ बाइक पर बैठ गई। कुछ दूर जाने के बाद एक आरोपी ने चाकू निकाला और कहा- हम जो कहेंगे वही करना, नहीं तो जान से मार देंगे। दोनों आरोपी मुझे 18 किमी दूर खेत में बने एक मकान में ले गए। वहां से एक आरोपी चला गया।नाबालिग आरोपी ने मुझे अपने जीजा के मकान में 2 महीने तक बंधक बनाकर रखा और रेप करता रहा। 2 अगस्त को जैसे तैसे कर वहां से भाग निकली और छिपकर अपने घर पहुंची। परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने अब रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
