प्रशासन के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंची एसडीएम और महिला के बीच झड़प,महिला ने एसडीएम के बाल खींचे

डीपी न्यूज नेटवर्क । खातेदारी भूमि पर बने धर्मकांटे को हटाने गई महिला एसडीएम और एक महिला के बीच झड़प हो गई। इस दौरान महिला ने एसडीएम के बाल खींच लिए। मामला गंगापुरसिटी जिले के टोडाभीम इलाके के नाद गांव का है। यहां प्रशासन गुरुवार 12 सितंबर को शाम करीब 4 बजे धर्मकांटे को हटाने गया था। जिसका वीडियो अब सामने आया है।

एसडीएम सुनीता मीणा वीडियो सामने आने के बाद कहा कि प्रशासन गांव में अतिक्रमण हटाने गया था। इस दौरान लोगों ने विरोध किया तो आपस में कहासुनी हो गई। इस बात को तूल नहीं दिया जाए। इधर दूसरे पक्ष का कहना है कि प्रशासन जिसे अतिक्रमण बताकर कार्रवाई करने पहुंचा है वह खातेदारी जमीन है।

पिता को धक्का दिया, महिला से लड़ाई को उतारु हो गई एसडीएम-बेटा

जमीन के मालिक के बेटे तोताराम मीना ने बताया-प्रशासन जिस भूमि को अतिक्रमण बता रहा है, वह हमारी खातेदारी भूमि है। हमें 27 अगस्त को तहसीलदार ने नोटिस दिया था। नोटिस में बताया था कि आपकी खातेदारी जमीन पर जो धर्मकांटा लगा रखा है। वह बिना जमीन की किस्म बदलवाएं खोला है। यह गलत है। इसे हटाया जाए। इसको लेकर हमने तहसीलदार के सामने अपने वकील के द्वारा हमारी बात को रखा। नोटिस मिलने के बाद हमने धर्मकांटा हटा लिया था। इसके बाद गुरुवार को बिना कोई नोटिस दिए हमारे यहां अतिक्रमण को हटाने के लिए एसडीएम खुद जाब्ते के साथ पहुंच गई। हमने इसका विरोध किया। हमने कहा कि हमें पहले बताना चाहिए था। हमने तहसीलदार के सामने भी अपनी बात रखी है। जिसके बाद एसडीएम लड़ाई-झगड़ा करने को उतारु हो गई। मेरे पिता रामपाल को धक्का मारा। फिर हमारे खेत में काम करने वाली एक महिला से भी लड़ाई करने को उतारु हो गई। एसडीएम ने किसी रंजिश के तहत हमारे साथ ये व्यवहार किया। मामला बढ़ने के बाद प्रशासन वापस लौट गया। अभी दोनों तरफ से कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया है।

बता दें कि हाल ही में आई आरएस की ट्रांसफर लिस्ट में सुनीता मीणा का टोडाभीम से तबादला हो गया है। उनकी जगह बारां में पदस्थापित पूजा मीणा टोडाभीम की नई एसडीएम बनी है। पूजा के चार्ज नहीं लेने के कारण अभी भी सुनीता मीणा यहां का पदभार संभाल रही है। इधर तहसीलदार ने मामले में कोई भी बयान देने से इनकार किया है।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!