चित्तौड़गढ़ में सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार, एमडी मामले में तस्कर के साथ मिलकर झूठे केस में फसाया था
चित्तौड़गढ़,डीपी न्यूज नेटवर्क । तस्करों से मिलकर एक व्यक्ति के खिलाफ साजिश कर कार्रवाई करने के मामले में तत्कालीन मंडफिया थानाधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसी मामले में सब इंस्पेक्टर यशवंत सोलंकी को पहले ही निलंबित कर दिया गया था। पोखर खटीक के पकड़े जाने के बाद यह मामला आगे बढ़ा है। सोलंकी को जोधपुर से डिटेन किया गया है।
एसपी सुधीर जोशी ने बताया- सब इंस्पेक्टर और तत्कालीन मंडफिया थानाधिकारी यशवंत सोलंकी ने 27 अक्टूबर 2023 को एक कार्रवाई की थी। जिसमें गीदाखेड़ा गांव में जब्त एक टेंपों से एमडी पाउडर जब्त करते हुए भंवर लाल खटीक को गिरफ्तार किया था। इसी मामले में भंवरलाल खटीक के परिजनों ने अलग अलग अधिकारियों से मिलकर इसे एक साजिश बताया। इस केस की जांच तत्कालीन भदेसर थानाधिकारी और वर्तमान ट्रैफिक इंचार्ज लक्ष्मण डांगी को सौंपी गई।
जांच के दौरान यह बात सामने आई कि भंवरलाल को फंसाने के लिए पोखर खटीक और प्यारचंद खटीक ने यह एमडी मीरा कीर के जरिए टेंपों में रखवाया था। इस मामले में सोलंकी के भी लिप्त होने की बात सामने आई। सब इंस्पेक्टर ने तस्कर के साथ मिलकर यह प्लानिंग की थी। जांच में साबित होने के बाद सोलंकी को निलंबित किया गया और उन्हें राजसमंद पुलिस रिजर्व लाइन में भेज दिया गया। इस मामले की लगातार जांच पुलिस उप अधीक्षक, (ग्रामीण) आईपीएस शिवप्रकाश टेलर कर रहे थे।
जांच पूरी होने के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर यशवंत सोलंकी को जोधपुर से डिटेन कर चित्तौड़गढ़ लाया गया, जहां पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में जांच जारी है। बता दे कि जुलाई महीने में ही 50 हजार रुपए का इनामी तस्कर को एटीएस जयपुर की टीम ने मणिपुर के इंफाल से निरुद्ध किया था। उसके बाद ही यह मामला आगे बढ़ा।
