काका ने भतीजे पर फायरिंग कर किया जानलेवा हमला,गंभीर हालत में उदयपुर रेफर
सलूम्बर,डीपी न्यूज नेटवर्क । जिले के झल्लारा थाना क्षेत्र अंतर्गत सालैया गांव में काका ने भतीजे पर फायरिंग कर जानलेवा हमला किया। जिला मुख्यालय के निकट झल्लारा थाना क्षेत्र के अंर्तगत सालैया गांव में देर रात को फार्म हाउस से अपने घर जा रहे प्रताप सिंह 38 पर बीच रास्ते में घात लगाकर बैठे आरोपी काका मनोहर सिंह ने फायरिंग कर के भतीजे प्रताप सिंह को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना देकर घायल प्रताप सिंह को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उदयपुर रैफर किया। घायल प्रताप सिंह पर जानलेवा हमले में पेट में दो, एक पांव की जांग में दो, एक पांव में एक जगह छर्रे के घाव तथा एक हाथ में आर-पार घाव हो गया। घायल प्रताप सिंह की पत्नी लीना कुंवर झल्लारा थाने में मामला दर्ज करवाने पहुंची। गौरतलब है कि काका-भतीजे में आए दिन कहासुनी होती थी। इसको लेकर उक्त घटना को अंजाम दिया गया।
फायरिंग की घटना के बाद गांव में डर का माहौल पैदा हो गया और उक्त घटना को लेकर ग्रामीणों ने आक्रोश भी जताया। कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस उपाधीक्षक हेमंत मेहता, सलूंबर थाना प्रभारी मनीष खोईवाल, झल्लारा थाना प्रभारी धमेन्द्र सिंह वागेला, हैड कांस्टेबल फरेबीलाल मीणा, पुष्कर पटेल सहित पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात रहा।
