उदयपुर के प्रतापनगर में फंदे पर लटका मिला नाबालिग का शव : हत्या का शक,घुटने जमीन को छू रहे थे
डीपी न्यूज नेटवर्क । उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक नाबालिग लड़के का शव संदिग्ध अवस्था में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मृतक का शव बेड़वास स्थित आशापुरा माताजी गेट के नजदीक सराय पर लगे पेड़ पर लटका था। सुबह जब कुछ लोग माताजी के दर्शन को पहुंचे तो वे शव देखकर हैरान रह गए। उन्होंने शव मिलने के सूचना ग्रामीणों को दी। जिसके बाद प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना का पता लगने पर इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बेड़वास निवासी धनपाल सिंह देवड़ा (17) के रूप में हुई। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोग और मृतक के परिजन मामले में हत्या का आरोप लगा रहे है।
उनका कहना है कि युवक को मारकर सुसाइड का रूप देने के लिए उसे फांसी के फंदे से लटका दिया गया। फांसी का फंदा इतना नीचे था कि मृतक के घुटने तक जमीन को छू रहे हैं। लोग मामले में जांच की मांग उठा रहे है। वहीं, ये सुसाइड है या फिर हत्या। इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है। घटना स्थल पर एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
जानकारी अनुसार मृतक रात करीब 11:30 बजे तक अपने घर पर ही था। उसे करीब आधे घंटे तक किसी से फोन पर बात की थी। जिसके बाद वह घर से बाहर निकल गया। परिजनों को लगा कि वह वापस आ जाएगा लेकिन रातभर नहीं लौटा। सुबह जब लोग माताजी मंदिर में पूजा करने पहुंचे तो मंदिर की सराय के पास पेड़ पर मृतक का शव संदिग्ध अवस्था में लटका हुआ मिला। बताया जा रहा है कि मृतक अपने मामा के साथ प्रिंटिंग का काम करता था।
